बीकानेर. अरबन कॉ-ऑपरेटिव बैंक में करोड़ों रुपए की अनियमितताओं के मामले की जांच कर रही सीआईडी सीबी ने मुख्य आरोपियों सहित करीब 60 लोगों को चिह्न्ति किया है। बैंक के अध्यक्ष शिवशंकर पुरोहित व मुख्य कार्यकारी अधिकारी पूनमचन्द के खिलाफ पिछले वर्ष कोटगेट पुलिस थाने में मामला दर्ज होने के बाद जांच सीआईडी सीबी को दे दी गई थी। सीआईडी ने 16 दिसंबर से जांच शुरू की तो घोर अनियमितताएं उजागर हुई।
मुख्य आरोपियों ने बैंक में जमा जनता के करीब नौ करोड़ रुपए फर्जी तरीके से अपने रिश्तेदारों व चहेतों में बांट दिए। मामले की जांच कर रही सीआईडी सीबी ने इस घपले में मुख्य आरोपियों के अलावा उनके रिश्तेदारों व चहेतों सहित करीब 60 लोगों को चिह्न्ति किया है जिनसे पूछताछ भी की जाएगी। सीआईडी सीबी के सूत्रों ने बताया कि बैंक की स्पेशल ऑडिट करवाई जाएगी जिसके लिए अंकेक्षण अधिकारी को पत्र लिखा गया है।
इसके अलावा सहकारिता विभाग को बैंक का प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त करने के लिए भी लिखा गया है। बैंक में अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी छानबीन की जा रही है।
जमानत पर सुनवाई सोमवार को
अरबन कॉ-ऑपरेटिव बैंक में अनियमितताओं के मुख्य आरोपी शिवशंकर पुरोहित व पूनमचन्द पुरोहित ने अग्रिम जमानत के लिए सेशन कोर्ट में आवेदन किया है जिस पर सात जनवरी को सुनवाई की जाएगी। सीआईडी सीबी की ओर से न्यायालय के समक्ष जमानत का आवेदन खारिज करने का आग्रह किया जाएगा।
जांच सीआईयू को ही देने के आदेश
अरबन कॉ-ऑपरेटिव बैंक में करोड़ों रुपए की अनियमितताओं की जांच सीआईडी सीबी की स्थानीय इकाई से लेकर केन्द्रीय अन्वेषण यूनिट (सीआईयू) को ही देने के आदेश है। बीकानेर आए गृहमंत्री गुलाबचन्द कटारिया ने शुक्रवार को आश्वासन दिया था कि मामले की जांच सीआईडी सीबी ही करेगी लेकिन इस संबंध में सीआईडी सीबी की स्थानीय इकाई को कोई आदेश नहीं मिला है।