बीकानेर. उत्तर-पश्चिम की ओर से चली हवाओं ने शहरवासियों को ठिठुरा दिया। भोर से चल रही सर्द हवाएं धूप खिलने के बाद थोड़ी देर के लिए थमी लेकिन दोपहर बाद शुरू हुई बादलों की आवाजाही ने मौसम को सर्द बना दिया। हवाओं के कारण धूप भी बेअसर साबित हुई।
दोपहर ढाई बजे बाद तो धूपछांव का माहौल बन गया और छांव वाले स्थान पर बैठना भी मुश्किल हो रहा था। शाम चार बजे बाद हवाओं का दौर फिर शुरू हो गया। हवा की बढ़ती रफ्तार ने लोगों को जल्दी घरों में घुसने को मजबूर कर दिया। सांझ ढलने के बाद ठिठुराते लोगों ने अलाव के सहारे हाड़-कंपाने वाली सर्दी से बचने का प्रयास किया।
वहीं कई लोग जल्दी ही रजाइयों में दुबक गए। कई लोगों ने सर्द मौसम का आनंद पकवानों के साथ लिया। चाट-पकौड़ी की दुकानों पर जहां भीड़ लगी रही। वहीं कई घर और मोहल्ले भी तरह-तरह के पकवानों से महकते रहे। जिले के ग्रामीण अंचल भी शनिवार को ठिठुरते रहे।
गांवों में तो दोपहर को भी खुले स्थानों पर बैठने से ग्रामीण कतराते रहे। सर्द हवाएं नश्तर-सी चुभती रही। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि बादलों की आवाजाही ने अधिकतम और न्यूनतम तापमान को बढ़ा दिया। अधिकतम तापमान शुक्रवार की तुलना में 2.2 डिसे बढ़कर 24.7 डिसे रिकार्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 4.7 से बढ़कर 9.5 डिसे रिकार्ड किया गया।