जोधपुर.
मारवाड़ के ग्रामीण परिवेश और कला-संस्कृति से साक्षात कर रहीं पॉप म्यूजिक क्वीन मेडोना के मुख से शनिवार को मेहरानगढ़ व जसवंत थड़ा की स्थापत्य कला देख बरबस निकला पड़ा- ‘वंडरफुल-फेबुलस’। उन्होंने दुर्ग की प्राचीर से पुराने शहर का नजारा देखा और हैंडीक्राफ्ट आइटमों के साथ एक झरोखा खरीदा। बाद में उन्होंने शाही परिवार के साथ उम्मेद भवन पैलेस में डिनर लिया।
मेडोना सरदारसमंद में हाथी की सवारी और पतंगबाजी का लुत्फ उठाने के बाद शनिवार सुबह जोधपुर पहुंचीं। उम्मेद भवन पैलेस के महाराजा सुइट में ठहरी मैडोना ने अपने पति व बच्चों के साथ वहां म्यूजियम देखा।
लंच के बाद नीली जींस , काली टीशर्ट-जैकेट व सिर पर हैट लगाई मेडोना कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच मेहरानगढ़ दुर्ग पहुंचीं। वे दौलतखाना, रानी महल, आर्ट गैलेरी व म्यूजियम देखकर काफी प्रभावित हुइर्ं। विशेषकर दीवारों और झरोखे की नक्काशी देखकर वे चकित रह गइर्ं।
खरीददारी भी की
दुर्ग की प्राचीर से उन्होंने पुराने शहर का नजारा कैमरे में कैद किया। करीब दो घंटा मेहरानगढ़ में बिताने के बाद वे सर्किट हाउस रोड स्थित एम्पोरियम पहुंचीं और हैंडीक्राफ्ट के वुडन आइटमों की खरीदारी की। उन्होंने मेहरानगढ़ दुर्ग के झरोखों से प्रभावित होकर लकड़ी से बना एक झरोखा भी खरीदा।
शाही परिवार की मेहमान
मेडोना ने शनिवार को जोधपुर राजघराने के पूर्व नरेश गजसिंह व उनके परिवार के साथ डिनर लिया। इस मौके पर बारादरी में आयोजित रंगारंग कार्यक्रम में राजस्थानी लोक कलाकारों के साथ मेडोना ने राजस्थानी नृत्य भी किया।
आज उदयपुर जाएंगी
मेडोना रोहितगढ़, सरदारसमंद व उम्मेद भवन पैलेस की यादें संजोए रविवार सुबह चार्टर प्लेन से उदयपुर रवाना होंगी।