HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

सर्द हवाओं ने छुड़ाई कंपकंपी

अजमेर. पौष में ठंड के तीखे तेवर बरकरार हैं। ठंडी हवाओं ने शनिवार को भी ठिठुराए रखा। दोपहर बाद अचानक बादल छा गए। सर्द हवाएं चलने से ठंड का प्रकोप और बढ़ गया। लोग गुनगुनी धूप को तरस गए। पारा चढ़ा, लेकिन कोई राहत नहीं मिल पाई। धुंध में लिपटी सुबह लोगों को बर्फीली हवाएं चलने से चेहरा भी ढक कर घर से निकलना पड़ा।

दोपहर तक धूप निकली लेकिन मौसम में ठंडक रही। दोपहर बाद बादलों ने सूर्यदेव को धूप नहीं बिखेरने दी। गलन से फर्श पर पैर रखना दुश्वार हो गया। शाम होते ही ठंड का कहर और बढ़ गया। छुट्टी के कारण लोगों ने घूमने के बजाय घरों में रहना ही मुनासिब समझा।बाजारों में चहल-पहल कम रही। गली-मोहल्लों में भी सन्नाटा पसर गया। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 21.8 और न्यूनतम 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पश्चिमी विक्षोभ में हलचल के कारण जिले में पाला पड़ने की आशंका है।
पारे में उतार-चढ़ाव

वर्ष 1998 में 2 जनवरी को न्यूनतम पारा गिरता हुआ 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इसके बाद पूरे महीने यह 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। 1999 में 10 से 26 जनवरी तक 8 से 11 डिग्री, 2000 में 2 से 31 जनवरी तक 7 से 9 डिग्री, 2001 में 6 जनवरी को यह 6 डिग्री सेल्सियस रहा।

2002 में पूरी जनवरी में 8 से 10 डिग्री, 2003 में 12 से 20 जनवरी तक 7 से 9 डिग्री, 2004 में 2 से 22 जनवरी के बीच 7 से 9 डिग्री, 2005 में 2 से 31 जनवरी के बीच 9 डिग्री, 2006 में 12 से 23 जनवरी के बीच 7 से 10 डिग्री के बीच और 2007 में 12 जनवरी को पारा 7 और इसके बाद 8 से 10 डिग्री के बीच बना रहा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: