HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

आखिर सभापति के खिलाफ मुकदमा

अजमेर. नगर परिषद के सभापति धर्म्ेद्र गहलोत की एक्सीडेंट के आरोपी की हिमायत में सिपाही से तकरार के मामले ने शनिवार को तूल पकड़ लिया। शुक्रवार तक शहर के प्रथम नागरिक के खिलाफ कार्रवाई से कतरा रहे पुलिस अफसरों को थाना स्टाफ के बगावती तेवरों ने गहलोत के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने पर मजबूर कर दिया वहीं पार्षदों ने दलगत भेद मिटाकर गहलोत के पक्ष में लामबंद होकर मामले को जनप्रतिनिधि बनाम पुलिस का रंग दे दिया।

पाषर्दों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है। पुलिस के अनुसार आनासागर चौकी पर तैनात सिपाही अजरुनराम की रिपोर्ट पर शनिवार को सभापति गहलोत, हनुमानसिंह राठौड़, अनिल, नारायण गुप्ता व एसके यीशु के खिलाफ राजकार्य में बाधा और मारपीट के आरोप में भादंसं की धारा 332, 353, 323 और 341 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पक्ष-विपक्ष के पाषर्द लामबंद

पीड़ित सिपाही अजरुनराम ने बताया कि शुक्रवार करीब तीन बजे आनासागर घाटी में एनसीसी दफ्तर के पास दो मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई। हादसे में नागौर खाटू हाल सुभाषनगर निवासी हर्ष चौधरी घायल हो गया। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा था। घायल को आरोपी मोटरसाइकिल चालक जीसीए के व्याख्याता नारायण गुप्ता ने रोक रखा था।

उसने गुप्ता से घायल को अस्पताल पहुंचाने को कहा था, लेकिन गुप्ता इसके लिए तैयार नहीं था। उसने घायल को अस्पताल पहुंचाया और गुप्ता से पुलिस कार्रवाई के लिए थाने चलने को कहा। इस दौरान गुप्ता ने खुद को आरएसएस का कार्यकर्ता बताया।

उसकी सूचना पर नगर परिषद सभापति, अनिल और अन्य दस लोग मौके पर पहुंच गए। गहलोत ने उससे हाथापाई की। क्रिश्चियनगंज थाना प्रभारी राजेन्द्र त्यागी ने बताया कि आला अफसरों के निर्देश पर रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। तफ्तीश के बाद गिरफ्तारी होगी।

अफसर कतराए
ड्यूटी के दौरान सिपाही से मारपीट के मामले में पुलिस अफसर सिपाही की शिकायत पर कार्रवाई करने में टालमटोल करते रहे लेकिन क्रिश्चियनगंज थाने के स्टाफ के विरोध और उसके बाद एसपी के आदेश से शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया।
घायल को भी धमकाया

पुलिस ने दुर्घटना में घायल हर्ष चौधरी की रिपोर्ट पर एक अलग मुकदमा दर्ज किया है। नागौर निवासी चौधरी के मुताबिक नारायण गुप्ता ने लापरवाही से बाइक चलाकर उसे जख्मी कर दिया। बाद में उसकी हिमायत में आए सभापति धर्मेन्द्र गहलोत और अन्य लोगों ने अस्पताल में उसे धमकाया। पुलिस ने गुप्ता के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटनाकारित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: