जयपुर. शनिवार रात अलग-अलग सड़क हादसों में शहर के एक युवा जौहरी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार एमआई रोड स्थित गोलेछा ज्वैलर्स के मालिक संदीप गोलेछा (30)शनिवार रात खुद ही कार चलाकर सिविल लाइन फाटक से परिवहन मार्ग स्थित अपने घर जा रहे थे।
रात करीब 9.30 बजे सामने से आ रही एक दूसरी कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। दूसरी कार का ड्राइवर साजिद भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया जहां संदीप की देर रात मौत हो गई। साजिद की हालत भी गंभीर है।
रामगढ़ रोड पर सीआरपीएफ केंद्र के सामने बाइक पर आ रहे दो लोगों को अज्ञात वाहन ने रात 7 बजे टक्कर मार दी। इसमें गुर्जर घाटी निवासी शंकर लाल मीणा व हरिनारायण मीणा घायल हो गए। दोनों को आमेर थाना पुलिस ने सवाई मानसिंह अस्पताल में पहुंचाया। वहां दोनो को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।