भोपाल. प्रदेश में बच्चों की सेहत पर अब यूनीसेफ की निगाह है। इसके लिए यूनीसेफ ने प्रदेश में आईएमएनसीआई प्रोजेक्ट के तहत जिला समन्वयकों की नियुक्ति की है, जो बच्चों के स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी जुटाएंगे। इस पायलट प्रोजेक्ट के लिए फिलहाल 12 जिलों का चयन किया गया है। इन जिलों में परिणाम यदि सकारात्मक रहते हैं, तो पूरे प्रदेश में योजना लागू होगी। यह योजना छह माह के लिए है, जिसकी समयावधि बढ़ाई जा सकती है।
यूनीसेफ द्वारा नियुक्त जिला समन्वयक पांच साल तक की उम्र के बच्चों के सेहत के संबंध में प्रदेश के हालात की मैदानी समीक्षा कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि इन अधिकारियों को सीधे यूनीसेफ व संचालनालय को रिपोर्ट करने के निर्देश हैं। पहले चरण में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है। इन 12 जिलों का चयन-भोपाल, सीहोर, विदिशा, दतिया, भिंड, मुरैना, शिवपुरी, गुना, रतलाम, सतना, जबलपुर और कटनी।