जयपुर. भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष पर चल रहे विवाद का शनिवार को पटाक्षेप हो गया। नए अध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर 7 जनवरी को सुबह 11 बजे कार्यभार ग्रहण करेंगे। इस बीच हाईकमान ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, निवर्तमान प्रदेशाध्यक्ष महेशचंद्र शर्मा और असंतुष्ट गुट के प्रमुख नेताओं को दिल्ली तलब कर लिया। इस कारण शर्मा मुख्यमंत्री के साथ आदिवासी जिलों की यात्रा पर नहीं जा सके। मुख्यमंत्री ने भी रविवार को इन क्षेत्रों के दौरे रद्द कर दिए।
इस कारण बांसवाड़ा का आगे का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। पार्टी नेताओं का कहना है कि माथुर के नाम पर सर्वसम्मति बनाने के लिए ही दोनों गुटों के प्रमुख नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। अभी असंतुष्ट खेमा माथुर की नियुक्ति को अपनी जीत और मुख्यमंत्री की हार प्रचारित कर रहा है। मुख्यमंत्री खेमे की ओर से माथुर के बजाय किसी ब्राrाण को अध्यक्ष बनाने की दलील को न मानना भी इस बात को हवा दे रहा है।
माथुर के स्वागत में वाहन रैली : जयपुर शहर अध्यक्ष राघव शर्मा ने बताया कि मोहनदास अग्रवाल के संयोजन में माथुर के स्वागत के लिए वाहन रैली निकाली जाएगी।
महिला मोर्चा का अलग मंच
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुमन शर्मा ने बताया कि पार्टी कार्यालय में माथुर का स्वागत करने के लिए मोर्चा अलग मंच बनाएगा। इस मंच पर मोर्चा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष किरण माहेश्वरी नए अध्यक्ष को 51 किलो की माला पहनाएंगी और चांदी का मुकुट तथा एक तलवार भेंट करेंगी।
माथुर के नाम पर पुनर्विचार नहीं
माथुर के नाम पर अब पुनर्विचार नहीं होगा। महामंत्री संगठन प्रकाशचंद्र ने शनिवार को बताया कि नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष माथुर 7 जनवरी को सुबह 9 बजे नई दिल्ली से जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, जहां पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। माथुर को वहीं से जुलूस के रूप में प्रदेश कार्यालय तक लाया जाएगा।
मंडल बैठकें स्थगित
नया अध्यक्ष नियुक्त होने के कारण प्रदेश इकाई ने पूर्व निर्धारित सभी मंडल स्तरीय बैठकें शनिवार को स्थगित कर दीं। अब माथुर के पद संभालने के बाद इन बैठकों का कार्यक्रम नए सिरे से तय किया जाएगा। पार्टी ने फिलहाल सहयोग कार्यक्रम भी टाल दिया है।