News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. बगरंडा के बीज खा लेने से शुक्रवार की शाम उस्लापुर के 16 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। गंभीर स्थिति में उन्हें सिम्स लाया गया। यहां उपचार प्रारंभ होने के बाद उनकी स्थिति में सुधार हो गया।जानकारी के मुताबिक चकरभाठा के उस्लापुर बस्ती के बच्चे कल शाम साथ में खेलकूद रहे थे। पास में ही बगरंडा के बीज रखे थे।
बच्चों ने उसे खाने की वस्तु समझकर खाना शुरू कर दिया। इसके बाद वे फिर खेलने में मशगूल हो गए। कुछ ही देर बाद बच्चों को उल्टी और चक्कर आने की शिकायत होने लगी। अन्य बच्चों ने इसकी जानकारी अपने परिजन को दी। बच्चों की स्थिति को देखकर घरवालों में कोहराम मच गया।
तत्काल संध्या पिता विष्णु कौशिक (8 वर्ष), लक्की पिता संतोष गोंड़ (9), प्रकाश ध्रुव पिता शत्रुहन (9), प्रतीक्षा ध्रुव (7), किशन ध्रुव पिता हरितराम (8), प्रफल ध्रुव पिता विश्वनाथ (8), अंजू पिता रामू ध्रुव (8), राजू पिता मोहितराम (10), आकाश पिता बुधराम (8), अंकित नेताम पिता बहोरिक (8), गगन नेताम पिता सियाराम (8), करण मरावी पिता मेलू (9), शिवा पिता संतोष कुमार (5), ज्योति पिता बुधराम यादव (10), सूरज यादव (3) व कृष्णकुमार ध्रुव पिता राजकुमार को सिम्स लाया गया।
यहां उनका इलाज प्रारंभ किया गया। कुछ बच्चे इलाज शुरू होने के बाद भी उल्टी कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डाक्टर ने उन पर विशेष नजर रखने की सलाह दी थी, लेकिन कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत में सुधार होना शुरू हो गया। आज सुबह उन्हें घर भेज दिया गया।