कोटा. कोटा हवाई अड्डे की 394 एकड़ जमीन में से 35 एकड़ जमीन घोड़ेवाला बस्ती के रूप में पहले ही अवैध कब्जे की शिकार हो चुकी है, अब इसी से लगती हुई एक नई द्वारिका बावड़ी कच्ची बस्ती बसाई जा रही है। करीब तीन एकड़ से अधिक भूमि पर अवैध कब्जे हो चुके हैं।
चौंकाने वाली बात है कि अतिक्रमण के इस फैलते जाल से स्थानीय प्रशासन वाकिफ है लेकिन, कोई कारगर कार्रवाई नहीं की जा रही। अब तो भू-माफिया की ताकत इतनी बढ़ गई है कि वे कब्जे के बाद उसे बेचने अथवा किराए पर देने लगे हैं। किराया 200 से 400 रुपए तक वसूला जा रहा है जबकि, जमीन का बेचान 30 हजार रुपए से लेकर 60 हजार रुपए तक किया जा रहा है।
कोटा एयरपोर्ट प्रशासन ने अवैध कब्जों की जानकारी एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को भेज दी है। इसी सिलसिले में पिछले दिनों दिल्ली से एयरपोर्ट अथॉरिटी के दो अफसर कोटा आए थे। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से अवैध कब्जों को हटाने पर चर्चा की थी। चर्चा का फिलहाल तो कोई नतीजा नहीं निकला लेकिन, कब्जों की कोशिशें जारी हैं।
29 अक्टूबर 07 को एयरपोर्ट अथॉरिटी के क्षेत्रीय मुख्यालय ने बस्ती में हो रहे ताजा निर्माणाधीन चार पक्के मकानों के अतिक्रमण को रोकने के लिए उन पर नोटिस चस्पा किए थे लेकिन, आज तक उनका कुछ नहीं हुआ। इसी के बाद 31 दिसंबर 07 को कब्जों के लिए जमाए गए पत्थर उठाने गए एयरपोर्ट प्रशासन पर पथराव कर दिया गया था।
रिकार्ड में एयरपोर्ट की जमीन, फिर भी न्यास ने कराया सर्वे
पुलिस में दर्ज मामलों की जांच कर रहे एएसआई रमेशचंद ने बताया कि द्वारका बावड़ी कच्ची बस्ती में तफ्तीश के दौरान कुछ लोगों के पास यूआईटी द्वारा कराए गए सर्वे की रसीदें मौजूद थीं। तहसीलदार से जब इस संबंध में जानकारी ली गई तो जमीन एयरपोर्ट की निकली।
सर्वे हुआ भी हो तो पट्टे नहीं देगा न्यास
न्यास के अधिकारिक सूत्रों का कहना है कि बस्ती में सर्वे कराया गया था। यदि जमीन हवाई अड्डे की है तो किसी को पट्टे जारी नहीं होंगे। इसे नए सिरे से दिखवाया जाएगा।
सुरक्षा गार्डो से मारपीट
3 जुलाई 07 और समय शाम 5 बजे
अवैध कब्जों को रोकने के लिए कच्ची बस्ती की तरफ बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य के दौरान 7-8 अज्ञात लोगों ने सुरक्षा गार्ड जगदीश प्रसाद राठौड़ पुत्र मोहनलाल राठौड़ के साथ जमकर मारपीट की। उसे लहू-लुहान किया। वायरलैस भी छीनने की कोशिश की। इस मामले में पुलिस ने रामदयाल व बहादुर उर्फ बादल के खिलाफ भादंसं की धारा 147, 149, 332, 353 के तहत मुकदमा दर्ज कर 17 अगस्त 07 को चालान पेश किया। यह मामला भी पेंडिंग चल रहा है।
रात्रि में कब्जे की कोशिश
11 अगस्त 07 और समय रात 10.30 बजे
हेमूकालानी सामुदायिक भवन के पीछे एयरपोर्ट की जमीन पर अवैध निर्माण की कोशिश करते सुरक्षा गार्डो ने पकड़ा। निर्माण सामग्री जब्त की। इस दिन रात 12.30 बजे दादाबाड़ी थाने में इसकी इत्तला दी गई।
तब फरियादी एयरपोर्ट इंचार्ज डीके गोरावत की तरफ से पुलिस ने 13 अगस्त 07 को रईस मोहम्मद व मोहम्मद फारुख के खिलाफ भादंसं की धारा 447 में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश प्रारंभ की। अगले माह यानि, 29 सितंबर को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में चालान पेश किया। इस मामले में अभी फैसला नहीं हुआ है।
अवैध कब्जे हटाने से रोका
31 दिसंबर 07, समय दोपहर 12 बजे
द्वारिका बावड़ी कच्ची बस्ती में रातों-रात पत्थर व फर्शियां डालकर की जा रही कब्जों की कोशिश को एयरपोर्ट प्रशासन ने हटाने की कोशिश की तो लोगों ने पथराव किया। अचानक हुए हमले से अधिकारियों को बचकर भागना पड़ा। इस मामले में संपदा अधिकारी ने पुलिस में रिपोर्ट दी है। एएसआई रमेशचंद इस मामले की जांच कर रहे हैं।