News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati श्रीमाधोपुर. लायंस क्लब एवं जिला अंधता निवारण समिति सीकर के तत्वावधान में गोकुलका परिवार के सौजन्य से शनिवार को कृषि उपज मंडी में तीन दिवसीय निशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं लैंस प्रत्यारोपण शिविर शुरू हुआ। शुभारंभ त्रिवेणीधाम के संत नारायणदास महाराज ने भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया।
इस मौके पर महाराज ने चिकित्सक को ईश्वर एवं दवा को गंगाजल बताते हुए कहा कि प्राणी की सेवा ही भगवान नारायण की सेवा है।बीमार व दुखी प्राणी की सेवा करने पर जो पुण्य मिलता है, वहीं पुण्य प्राणी के जीवन में उसका कल्याण करता है। महाराज ने इस प्रकार के निशुल्क चिकित्सा शिविरों में असहाय व निर्धन लोगों की सेवा में जुटे सभी कार्यकर्ता एवं भामाशाहों की सराहना की। क्लब के सचिव आरपी जांगिड़ के अनुसार शिविर के पहले दिन ५५३ रोगियों का पंजीयन किया गया, जिनमें ९६ का आपरेशन कर लैंस प्रत्यारोपण किया गया।
अन्य रोगियों की आंखों की जांच कर परामर्श देकर निशुल्क दवाइयों का वितरण गोकुलका परिवार द्वारा किया गया। शिविर में जयपुर के डा. अविनाश पुरोहित व उनकी टीम ने रोगियों की जांच एवं आपरेशन किए। शिविर में डा. ललित प्रसाद गुप्ता, रामविलास गोकुलका, हरिप्रसाद गोकुलका, पवन गोकुलका, शंकर गोकुलका, डा. केसी पारीक, बजरंगलाल कुमावत, डा. वीरेंद्र यादव, मातादीन बजाज, नंदलाल टेलर व राजू बागवान ने सेवाएं दी।
दांता में नेत्र चिकित्सा शिविर सात से
दांतारामगढ़. सेवा धर्म मिशन जयपुर के तत्वावधान एवं जिला अंधता निवारण समिति सीकर के आर्थिक सहयोग से राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दांता में सात से 10 जनवरी तक निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
मिशन के दिलीप सैन ने बताया कि सात जनवरी को सुबह नौ से तीन बजे तक मरीजों की आंखों की जांच व भर्ती की जाएगी। आठ व नौ जनवरी को आपरेशन योग्य मरीजों का आपरेशन खाटूश्यामजी स्थित धर्मशाला में किया जाएगा। डा. एमएम बंसल, डा. एसके नायर व डा. बेला मोहन तिवाड़ी व उनकी टीम सेवाएं देगी।
शिविर में 75 लैंस प्रत्यारोपित
पाटन.
जिला अंधता निवारण समिति और मानव सेवा संस्थान सीकर की ओर से राजकीय चिकित्सालय में आयोजित दो दिवसीय शिविर में २३८ मरीजों का पंजीकरण किया गया। इनमें से ७८ का आपरेशन कर लैंस प्रत्यारोपित किए गए।
अन्य को दवाइयां और चश्मे देकर उपचार किया गया। संस्थान के अध्यक्ष भगवानसिंह लाठर ने बताया कि शिविर में मरीजों को चश्मे व दवाइयां आदि का निशुल्क वितरण किया गया। शिविर में जयपुर के नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. आरएस गोठवाल ने अपनी टीम के साथ निशुल्क सेवाएं दी।