News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati चिड़ावा. चिड़ावा पंचायत समिति के सामने वाली गली में शुक्रवार देर रात एक रिटायर्ड फौजी ने गोली मारकर अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। वारदात में एक अन्य घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रैफर किया गया है। दोनों भाइयों में मकान को लेकर मनमुटाव चल रहा था।
सूत्रों के अनुसार रावतसिंह (60) पुत्र नारायणराम डांगी निवासी ओजटू और उसका भाई मंदरूप (50) तथा बख्तावरपुरा निवासी ईश्वर पुत्र मूलचंद जाट ने वार्ड 19 स्थित अपने मकान में शुक्रवार रात पार्टी की। खाना खाने के बाद मंदरूप अपने कमरे में चला गया जबकि रावतसिंह व ईश्वर वहीं बैठे बतिया रहे थे।
थोड़ी देर बाद ईश्वर पानी पीने के लिए बाहर निकला तो मंदरूप ने अपनी लाईसेंसशुदा 12 बोर से उस पर फायर कर दिया। गोली ईश्वर के सीने में लगी। इस दौरान बीच-बचाव करने आए रावतसिंह को भी मंदरूप ने गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल ईश्वर जैसे-तैसे अस्पताल पहुंचा। गोली से घायल होने की खबर पाकर ड्यूटी डाक्टर ने पुलिस को सूचना दी।