bhaskar Web English
HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

भगौड़े एनआरआईज की दोबारा जांच होगी

चंडीगढ़. मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने शनिवार को कहा कि पंजाब से भागकर विदेश में छुपे पंजाब के एनआरआई से संबंधित सभी मामलों की दोबारा जांच की जाएगी। उन्होंने डीआईजी की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करने घोषणा की। कमेटी दो महीनों में डीजीपी को रिपोर्ट सौंपेगी। इस समय राज्य के 1300 एनआरआई भगौड़ा घोषित हैं। शनिवार को एनआरआई सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा- सम्मेलन रिजल्ट आरिएंटेड होगा।

एसपी देखेंगे एनआरआई मामले

बादल ने कहा कि हर जिले में एसपी हैडक्वार्टर को एनआरआई से जुड़े मामलों का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा जाएगा। एनआरआई को संपत्ति या आपराधिक मामलों से संबंधित शिकायत की जांच एसपी के नेतृत्व में ही होगी। जालंधर, होशियारपुर, कपूरथला, मोगा, नवांशहर और लुधियाना में स्थापित छह थाने केवल एनआरआई मामले देखेंगे।

फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित होगी

एनआरआई मामलों का निपटारा जल्द करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की भी स्थापना की जाएगी। एनआरआई को राज्य में प्रौजेक्टों लगाने में त्वरित मंजूरी देने के लिए मुख्य सचिव के नेतृत्व में एक हाईपावर्ड कमेटी का गठन किया जाएगा।

विदेश जा समस्या सुनेगी कमेटी

बादल ने यह भी ऐलान किया कि सरकार एक कमेटी का गठन करेगी जो हर छह माह बाद विदेशों का दौरा कर पंजाब के एनआरआई की समस्या सुनेगी यह कमेटी मुख्यमंत्री को रिपोर्ट देगी।

विदेश से देख सकेंगे अपनी जमीन का नक्शा

जल्द ही विदेशों में बैठे एनआरआई अपनी जमीनों का रिकार्ड घर बैठे देख सकेंगे। इस संबंध में राजस्व विभाग एक वैबसाईट तैयार कर रहा है। वह विदेश की जेलों बंद पंजाबियों के मामलों पर प्रधानमंत्री से मिलेंगे।

निवेश न करने का कारण ब्यूरोक्रैसी, पुलिस

>> मुख्यमंत्री बादल को यह जानकार हैरानी हुई कि दुनियाभर के पंजाबी चीन में निवेश को प्राथमिकता दे रहे हैं।

>> थाईलैंड से आए संतोख सिंह चावला ने कहा इंडो-थाई एसोसिएशन के तहत वे अपने लोगों को पंजाब में निवेश करवाना चाहते हैं, लेकिन पंजाब का ऐसा कोई भी विभाग नहीं है। बादल ने कहा- वह जल्द ही एक कमेटी बनाकर उसे थाईलैंड भेजेंगे जो वहां के निवेशकों को जानकारी देगी।

>> एनआरआई गुरदेव सिंह ने कहा कि वे 800 मिलियन डॉलर का प्रोजैक्ट लगाना चाहते थे और ढाई साल धक्के खाने के बाद वापस लौट गए। बादल ने कहा कि एक कमेटी बनाई जाएगी जो ऐसे मसलों को समाधान करवाएगी।

‘लगता है हम ही अपराधी हैं’ पुलिस खुद की जमीन खाली करवाते वक्त हमें अपराधी की तरह जलील करती है। ये खीज थी कि यूके से आए एक एनआरआई की।

अमृतसर को सौ मिलियन पौंड कुछ एनआरआईज ने जब 2008 तक अमृतसर के विकास में 10 करोड़ पौंड देने को कहा तो बादल ने भी कुल खर्च का 75 फीसदी देने की हामी भरी।

लुधियाना और मोहाली में बनेंगे 7 स्टार होटल

दुनिया के जाने-माने होटल व्यवसायी संत सिंह चटवाल ने कहा कि वह लुधियाना और मोहाली में दो सैवन स्टार होटल बनाने जा रहे हैं। इस पर करीब 2000 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। इसके अलावा वह भारत में 5000 करोड़ रुपए का निवेश करेंगे। उन्होंने कहा कि अमृतसर के गोबिंदगढ़ फोर्ट में उनकी हैरिटेज होटल बनाने की योजना है जिसमें सैवन स्टार सुविधाएं दी जाएंगी। इस संबंधी प्रोजैक्ट बनाकर पंजाब सरकार को सौंप दिया गया है। उनके पूरे देश में आठ होटल हैं।

चटवाल का दावा, हिलेरी बनेंगी राष्ट्रपति फरीदकोट जिले से संबंधित संत सिंह चटवाल 40 साल से अमरीका में रह रहे हैं और मैनहट्टन में उनका दुनिया का सबसे बड़ा होटल है जिसमें 3000 कमरे हैं। चटवाल ने दावा किया कि हिलेरी ही अमरीका की अगली राष्ट्रपति होंगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: