नई दिल्ली. उत्तरी दिल्ली की एक झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग जाने के कारण सात लोगों की मौत हो गई और लगभग 300 झुग्गियां जलकर खाक हो गई हैं।
बताया गया है कि ठंड से निजात पाने के लिए लाहौरी गेट के पास की एक झुग्गी बस्ती में अलाव जलाने के कारण यह आग भड़की। पिछले तीन घंटों से ज्यादा समय से करीब 30 अग्निशमन कार्यकर्ता इलाके में आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।
अग्निशमन दल के प्रमुख अधिकारी आरसी शर्मा ने कहा कि बुरी तरह जल जाने के कारण सात लोगों की मौत हुई है और बस्ती की लगभग सभी 300 झुग्गियां जलकर खाक हो गई हैं। दस अन्य लोग घायल हुए जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है।
डीसीपी देवेश श्रीवास्तव ने बताया कि शव बुरी तरह जले होने के कारण अभी मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। दूसरी तरफ, घटनास्थल पर पहुंचीं मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने वयस्क मृतकों के परिवारों को एक-एक लाख और अवयस्क मृतकों के परिवारों को 50-50 हजार रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है।