HomeNewsHaryanaPanipat Panipat

शराब के नशे में साथी की हत्या

फरीदाबाद. शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने मिलकर अपने एक साथी पर चाकू से वार कर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी तथा शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए घसीटते हुए खाली मैदान में ले जाकर शव को जलाने के लिए आग के हवाले कर दिया। दिल दहलाने वाले इस हादसे को अंजाम देने के बाद दो युवक मौके से फरार हो गए तथा तीसरा युवक नशे की हालत में होने के कारण वापस अपने कमरे में जाकर सो गया।

पुलिस ने युवक के अधजले शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोरचरी में रखवा दिया है। पुलिस ने इस संबंध में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम चार बजे चार युवक तिपाहिया में अपने सामान को लेकर बल्लभगढ़ स्थित सुभाष कालोनी के समीप हरीनगर पहुंचे।

जहां उन्होंने घरवारा यूपी के रहने वाले सोनू के प्लॉट में बने एक कमरे को किराए पर ले लिया। रात के वक्त इन चारों युवकों नितिन मोहन, सुनील, अजरुन व राजू ने कमरे में डेक बजा शराब पीनी शुरू कर दी। ये चारों युवक आपस में दोस्त बताए गए हैं। शराब पीते वक्त चारों के बीच पुरानी बातों को लेकर विवाद शुरू हो गया।

इसी बीच सुनील ने उन्हें गालियां देनी शुरू कर दी। इस पर तीन युवकों ने सुनील को मारने की प्लॉनिंग बना ली। पुलिस के मुताबिक इसी बीच तीनों ने पकड़कर सुनील को दीवार में दे मारा। इससे वह बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में तीनों ने सुनील पर चाकू से वार कर मार डाला। बाद में तीनों युवक सुनील के शव को घसीटते हुए कमरे से करीब तीन-चार सौ मीटर दूर खुले मैदान में ले गए और वहां उन्होंने शव को कंबल में लपेट उसमें आग लगा दी, लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल सका।

शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने देखा कि एक युवक का अधजला शव मैदान में पड़ा हुआ है तथा उसकी घिसटन के निशान सोनू के प्लॉट में बने कमरे तक हैं। इसे देखते-देखते स्थानीय लोग भी उस कमरे तक पहुंच गए, जहां एक युवक कमरे में सोया हुआ था तथा उसके कपड़े भी खून से सने हुए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अधजले शव को अपने कब्जे में लेकर उक्त युवक को धर दबोचा, जिसने अपना नाम नितिन मोहन बताया है। जो मूल रूप से गाजियाबाद के कालका गढ़ी का रहने वाला बताया गया है तथा फिलहाल यहां पर प्रेम नगर की झुग्गियों में रहता है जबकि मृतक सुनील मथुरा जिले के गांव राया का रहने वाला बताया गया है।

नितिन ने कबूले कई गुनाह : दस अगस्त को सीआईए पुलिस ने लूट की योजना बनाते वक्त नितिन मोहन व उसके एक अन्य साथी को हथियार समेत गिरफ्तार किया था। इसके अलावा नितिन मोहन पर राजा गार्डन निवासी दिनेश की दुकान का ताला तोड़कर मोबाइल सेट चुराए जाने का भी आरोप है। ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस इस मामले में नितिन मोहन को पहले ही गिरफ्तार कर चुराए गए मोबाइल सेट बरामद कर चुकी है। पूछताछ के दौरान नितिन मोहन ने और भी कई वारदात कबूली हैं।

24 दिसंबर को सेक्टर-18 स्थित एक अं्रग्रेजी शराब ठेके के दो कर्मचारियों से 27,28 हजार रुपए की नकदी व टाटा मोबाइल फोन लूटने के आरोप में पुलिस ने जॉनी, संजय व नितिन मोहन के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया था, लेकिन इस मामले में भी नितिन मोहन पुलिस से छिपकर घूम रहा था। 26 दिसंबर को बसेलवा कालोनी निवासी संजय की भी एसजीएम नगर इलाके में हत्या कर दी गई। संजय वही युवक था, जिस पर नितिन मोहन व एक अन्य के साथ ठेका लूटने का आरोप था। हत्या के इस मामले में भी नितिन मोहन को पुलिस ने नामजद किया था, जो पुलिस की गिरफ्तारी से बचता घूम रहा था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: