जींद. शहर के एकाएक बढ़े दूध के दामों को लेकर शनिवार देर शाम अर्बन एस्टेट निवासी अनेक महिलाओं ने जींद-गोहाना मार्ग पर जाम लगा दिया। इसकी सूचना पाकर शहर थाना प्रभारी रकमसिंह व बाबूराम ने समझा बुझाकर जाम खुलाया। शनिवार देर शाम डिफेंस कालोनी, अर्बन स्टेट तथा हाऊसिंग बोर्ड की अनेक महिलाएं अर्बन एस्टेट की जाट धर्मशाला में एकत्रित हुई। इसके बाद उन्होंने गोहाना मार्ग पर डीसी कैंप कार्यालय के समीप पहुंचकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगी।
महिला समाज सेवा समिति की प्रधान माला जागलान, सचिव निर्मला ढुल, रोशनी मलिक, राजो देवी, रानी आदि महिलाओं ने बताया किदूधियों द्वारा दूध के मापतोल में गड़बड़ी की जा रही है। कोई भी दूधिया ऐसा नहीं है जो दूध का सही मापतोल करता हो। उन्होंने बताया कि दूधियों द्वारा पैसे तो एक लीटर दूध के लिए जाते हैं, लेकिन दूध कम होता है।
महिलाओं ने बताया कि आज एक जनवरी से दूधियों दूध केरेटों में आठ रुपए प्रति लीटर की बढोतरी कर दी है। उन्होंन बताया कि कल तक दूध 18 रुपए प्रति लीटर दिया जा रहा था, लेकिन आज दूध केभाव 25 रूपए प्रति लीटर कर दिए हैं। गृहणियों ने कहा कि एक तो दूध तोल में कम दिया जा रहा है दूसरा एक बार में ही आठ रूपए प्रति लीटर की बढोतरी करना उचित नहीं है। बाद में महिलाएं सड़क के बीचों बीच बैठ गई और जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए और महिलाओं को समझा बुझाकर जाम खुलाया। इसके बाद महिलाएं डीसी से मिली और समस्या से अवगत कराया। डीसी ने आश्वासन दिया कि सोमवार से उनके क्षेत्रों में वीटा दूध की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।