गुड़गांव गांव बादशाहपुर में एक व्यक्ति ने साथियों के साथ मिलकर अपने मामा से उसकी करोडों रुपए की जमीन हड़प ली। भांजे के के चंगुल से निकालने का वायदा करने वालों ने भी उसे नहीं बख्शा और उसको करोडों रुपए का चूना लगा दिया। इतना ही नहीं बल्कि मामला उजागर कर देने पर उसे जान से मारने की धमकी दे डाली।
भांजे व अन्य लोगों से लुटे किसान ने इसकी शिकायत थाना बादशाहपुर में दी है। पीड़ित किसान की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव बादशाहपुर निवासी हरि सिंह ने थाना बादशाहपुर में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसके पास 6 कनाल 14 मरला जमीन है। इस जमीन के कुछ हिस्से में उसने अपना मकान बना रखा है तथा बाकी जमीन पर खेती-बाड़ी करता है।
पुलिस को दी शिकायत में हरि सिंह ने कहा है कि दिसंबर 2006 को उसका भांजा रामकिशन उर्फ हांडू उसके घर आया और प्लाट खरीदने तथा उसके लिए गवाही देने की बात कहते हुए सोहना ले गया। हरिसिंह के अनुसार सोहना पहुंचने पर रामकिशन ने उससे कुछ कोरे कागजों पर अंगूठे लगवाए और उसे वापस भेज दिया। हरि सिंह के अनुसार भांजे द्वारा प्लाट खरीदे जाने से वह भी खुश था। आरोप है कि मार्च 2007 में गांव भौंडसी निवासी पुरुषोतम दस-बारह व्यक्तियों के साथ उसके घर आया और जमीन की रजिस्ट्री करवाने को कहा। हरि सिंह के अनुसार पुरुषोतम द्वारा जमीन की रजिस्ट्री करवाए जाने की बात सुन उसने पूछा कि कौन सी जमीन के कागजात हैं।
मैंने तो कोई जमीन नहीं बेची। इस पर पुरुषोतम ने उसके उपर जमीन की रजिस्ट्री करवाने के लिए दबाव डाला। हरि सिंह के अनुसार इस मामले को लेकर वह पंचायत के पास पहुंचा और सारी बात बताई। पंचायत ने पुरुषोतम से बात की और फैसला दिया कि हरि सिंह ने कोई एग्रीमेंट नहीं किया है अत: वह जमीन नहीं बेचेगा। पंचायत के फैसले के बाद सब कुछ ठीक हो गया।
इसी बीच साहना एंटरप्राइजेज नामक कम्पनी ने उसकी व उसके भाइयों की जमीन का कोलोब्रेशन कर लिया और जमीन की एवज में उसके खाते में 90 लाख रुपए जमा करवा दिए। कोलोब्रेशन का पता चलते ही पुरुषोतम ने जमीन का एग्रीमेंट नरेश उर्फ बंटी से कर लिया। एग्रीमेंट होने के बाद नरेश उसके पास पहुंचा और जमीन की रजिस्ट्री करवाने के लिए धमकाने लगा।
जिसकी शिकायत भी हरि सिंह ने पुलिस को दी थी। इसी बीच दीपक सचदेवा व कमल शर्मा हरि सिंह के पास आए और जमीन उसी के नाम करवाने की बात कही। हरि सिंह के अनुसार वह उनकी बातों में आ गया। उसने बताया कि गुड़गांव में उन्होंने उससे कुछ कागजों पर अंगूठे लगवा लिए तथा पांच लाख रुपए ले लिए। इसके बाद हरि सिंह घर आ गया। कुछ दिनों के बाद उसे पता चला कि दीपक सचदेवा ने उसकी जमीन अपनी मां पार्वती के नाम करवा ली है।
इस पर वह दीपक व कमल के पास पहुंचा, जहां दीपक ने जमीन हरिसिंह की पत्नी के नाम करने की बात कह एक करोड़ 53 लाख रुपए ठग लिए। इसके बाद हरि सिंह ने थाना बादशाहपुर पुलिस को सारे मामले से अवगत करवाया। हरि सिंह की शिकायत पर पुलिस ने रामकिशन, पुरुषोतम, नरेश उर्फ बंटी, दीपक सचदेवा व कमल शर्मा के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471, 506 व 120 बी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।