HomeNewsNational National

सबने कहा, पहचान पत्र अव्यावहारिक

नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में आगामी 15 जनवरी से सभी नागरिकों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य किए जाने के लेफ्टिनेंट गवर्नर के कदम को भाजपा नेताओं के साथ ही दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने भी अव्यावहारिक करार दिया है।

अलग-अलग बयानों में दोनों ने कहा कि यह कदम उठाए जाने के बाद पुलिस को निर्दोष नागरिकों को परेशान करने का बहाना मिल जाएगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के अखिल भारतीय सचिव विजय गोयल ने कहा कि ले. गवर्नर तेजेंद्र खन्ना के इस निर्देश से केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा और आम लोग परेशान होंगे।

गोयल ने यह दावा भी किया कि इस आदेश के कारण खन्ना और सरकार के बीच भी मतभेद हैं क्योंकि मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को अब तक इस आदेश के बारे में जानकारी ही नहीं है। इसके अलावा गोयल ने दिल्ली में ड्राइविंग के लिए दिल्ली में ही बने लाइसेंस के आदेश की आलोचना करते हुए कहा कि मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है क्योंकि लाइसेंस इस एक्ट के तहत पूरे देश में मान्य है।

दूसरी ओर, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख और सांसद जयप्रकाश अग्रवाल ने कहा है कि बिना पर्याप्त समय दिए फोटो आईडी कार्ड को अनिवार्य कर देना कहीं से भी बुद्धिमानी नहीं है। इस आदेश से लोगों को परेशानी होगी और पुलिस को ज्यादती का औजार मिलेगा इसलिए प्रदेश कांग्रेस इस आदेश का विरोध करेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: