News
Chhattisgarh
Raipur Raipur राजनांदगांव. शिविर में मरीजों के 48 आपरेशन हुए। मरीजों का आपरेशन डाक्टरों के 20 सदस्यों की टीम ने किया जो कि पूर्ण सफल रहा। जिन मरीजों का यहां आपरेशन हुआ। उनके चेहरे पर स्वस्थ होने की खुशी साफ झलक रही थी।शिविर के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के चेयरमेन अशोक शर्मा थे। अध्यक्षता विधायक उदय मुदलियार ने की।
विशिष्ट अतिथि समाजसेवी जनरैल सिंह भाटिया, अग्रवाल सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मूलचंद अग्रवाल, राष्ट्रीय महामंत्री डीपी अग्रवाल, अध्यक्ष हरिनारायण अग्रवाल थे। कार्यक्रम में श्री शर्मा ने कहा कि इंसान जन्म से पूर्ण नहीं होता। वह अपने कार्यो से पूर्ण बनता है। इसलिए जरूरी है कि समाज को मानव सेवा के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हर समाज संवेदनशील होकर कार्य करे तो देश से विकलांगता पूरी तरह मिट जाएगी।
विधायक श्री मुदलियार ने शिविर के आयोजन के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि श्री भाटिया ने कहा कि समाज का आधार स्तंभ भावनाओं पर आधारित होता है। मानव सेवा, देश भक्ति भी राष्ट्र को मजबूत बनाने वाली भावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज ने विकलांगों को एक नई जिंदगी दी है। अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय महामंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि समाज जागरुक होगा, विकलांगता हमेशा के लिए मिट जाएगी।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज को सेवा करने का दायित्व विरासत में मिली है। उन्होंने कहा कि इस समाज ने मानव सेवा करने का स्वरुप बदल दिया है। पहले रोटी कपड़ा व मकान पर ध्यान दिया जाता था, लेकिन अब स्वास्थ्य, शिक्षा व रोजगार पर ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम में मरीजों का अंतिम परीक्षण किया गया। उन्हें कैलीपर्स भी दिए गए। इस अवसर पर बलौदाबाजार से आए डा. बाजपेयी ने मरीजों को सावधानी के साथ जीने की सलाह दी।
20 को विकलांगों का सामाजिक विवाह
अखिल भारतीय विकलांग चेतना परिषद के बैनर तले आगामी 20 जनवरी को राजधानी में विकलांग जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन होगा। इसके लिए परिषद ने तैयारी शुरु कर दी है।
पोलियो की दवा पिलाने जुटी भीड़
92 प्रतिशत बच्चों ने पी पोलियो की दवा। आंगनबाड़ी केंद्रों में सुबह से लगी रही भीड़।रविवार को सुबह 7 से 5 बजे तक सभी पल्स पोलियो केंद्रों में पोलियो की दवा लेने भीड़ लगी रही। पालकों ने भी अपनों बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने उत्साह दिखाया। मोबाइल टीम ने शहर का भ्रमण कर बच्चों को पोलियो की खुराक दी।उल्लेखनीय है कि इस बार जिले में 2 लाख 6 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डा. आरके मल्होत्रा ने बताया कि सभी केंद्रों में बड़ी संख्या में बच्चों को पोलियो की दवा दी गई। लगभग 92 प्रतिशत बच्चों ने खुराक ली। उन्होंने बताया कि जिन डाक्टरों को जोनवार निरीक्षण किया जिम्मेदारी दी गई वे अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहे। दूसरे दिन घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी।
कलेक्टर ने की शुरूआत
पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत रविवार सुबह जिला चिकित्सालय में कलेक्टर संजय गर्ग ने की। उन्होंने अपने हाथों से बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। इस अवसर पर महापौर शोभा सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष भरत वर्मा, सीएमओ एमके दिवाकर व स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
80 बूथों में दी गई दवा
पल्स पोलियो अभियान के तहत विकासखंड डोंगरगांव के कुल 80 बूथों पर दवा पिलाई गई है। शहरी क्षेत्र के चिकित्सालय, नया बस स्टैंड, मटिया, करियाटोला व प्राथमिक शाला सेवतापारा में दवा पिलाई गई। दोपहर 12 बजे तक कुल 17 हजार 652 बच्चों के विरुद्घ 15 हजार 879 बच्चों को पोलियो की दवा दी गई थी।
खंड चिकित्सा अधिकारी डा. एके गुप्ता ने बताया कि पल्स पोलियो का शुभारंभ दिनेश गांधी, लक्ष्मीनारायण गुप्ता, रामकुमार गुप्ता, रामकिशन माहेश्वरी, स्वरूपचंद जैन, गुलशन हिरवानी, रमेश सोनी, बीएमओ डा. एके गुप्ता, डा. केके रामटेके, डा. एसएस देवदास, डा. मनीष केशर आदि द्वारा किया गया। टप्पा सेक्टर के प्रभारी डा. एसएस देवदास, आसरा सेक्टर के डीएस परिहार अजरुनी सेक्टर के डा. केके रामटेके एवं बड़गांव सेक्टर के डा. सुदेश बंसौड़ द्वारा सघन निरीक्षण किया गया है।