HomeNewsMetrosIndore Indore

कोई बताए, कहां है पुलिस?

इंदौर.indore चोरियां थम ही नहीं रही हैं। शनिवार-रविवार की रात बदमाशों ने फिर दस जगह धावा बोला। कालिंदी कुंज में रहने वाले बैंक अधिकारी पीएम इब्राहिम के घर में घुसे बदमाश नकदी सहित लाखों का माल चुरा ले गए। घर का दरवाजा खुला देखकर नौकरानी ने इसकी सूचना श्री इब्राहिम के अधीनस्थ बैंक मैनेजर पीआई बोस को दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि श्री इब्राहिम परिवार के साथ 29 दिसंबर से केरल गए हुए हैं।

चोरी गए माल का खुलासा उनके आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस का अनुमान है कि चोरी बड़ी है। बख्तावर रामनगर में रहने वाले शांतिस्वरूप के सूने मकान में ताला तोड़कर घुसे चोर जेवरात-नकदी सहित एक लाख से ज्यादा का माल ले गए। शांतिस्वरूप शहर से बाहर हैं। घटना का पता पड़ोसी नरेंद्र खुराना को तब चला जब उन्होंने उनके घर का ताला टूटा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मनोरमागंज में रहने वाले सुनील गर्ग के घर से अज्ञात बदमाश पांच हजार रुपए, क्रेडिट कार्ड सहित हजारों का सामान चुरा ले गए। वहीं तिलकनगर निवासी पूरनचंद्र केमकान का ताला तोड़कर घुसे चोर सोने के जेवरात सहित हजारों का सामान ले गए। साथ में ओल्ड पलासिया के पीडब्ल्यूडी क्वाटर्स निवासी अशोक कुमार के परिसर से शातिर चोर चंदन का पेड़ काट ले गए। पांचों मामलों में पलासिया पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।

मालिक सिंगापुर में तो चोर घर में

अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के उषानगर में रहने वाले मुरलीमनोहर राठी के सूने मकान से चोर नकदी सहित एक लाख से ज्यादा का सामान चुरा ले गए। पुलिस ने बताया कि मुरलीमनोहर पत्नी के साथ 17 दिसंबर को पुणो में रह रहे पुत्र मनीष के यहां चले गए थे। उनके पड़ोसी जयंत कुमार जैन ने 3 जनवरी को देखा तो श्री राठी के घर का ताला लगा हुआ था, जबकि अगले दिन टूटा मिला। इसकी सूचना उन्होंने मनीष को दी तो उसने बताया कि माता-पिता सिंगापुर चले गए हैं। शनिवार को मनीष इंदौर पहुंचा और चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। चोर उनके घर से सोने के गहनें, चांदी के बर्तन, डीवीडी तथा दस हजार से अधिक नकदी चुरा ले गए।

उधर, लोकमान्य नगर में रहने वाले अजय पिता चंद्रकांत नवले के सूने मकान में घुसे बदमाश नकदी के साथ हजारों का सामान ले गए। घटना के समय श्री नवले की पत्नी कोटी चंडी यज्ञ में शरीक होने र्गइ थीं। पुलिस ने बताया चोर उनके घर से सोने की चेन, डीवीडी, पांच हजार रु. नकद सहित तीस हजार का माल ले गए। दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। उधर, परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के नंदानगर निवासी प्रकाशचंद्र सुनहर के घर में घुसे बदमाश चांदी के सिक्के, सोने की चूड़ियां, 41 हजार रु. नकद सहित डेढ़ लाख से अधिक का माल ले गए।

पान की दुकान में चोरी

द्वारकापुरी स्थित एक पान की दुकान से चोर टीवी, सीडी प्लेयर, मोबाइल, नकदी सहित हजारों का सामान चुरा ले गए। चंदननगर पुलिस ने बताया दुकान मंगलेश पिता गोपाल जोशी की है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

पलासिया में होती है सबसे ज्यादा चोरियां

वर्ष 2007 में घर में घुसकर चोरी के 934 मामलों में अधिकांश पलासिया क्षेत्र में ही हुए थे। पलासिया थाने से मिली जानकारी के अनुसार आंकड़ा चार सौ के करीब है। इसे लेकर जब एसपी अंशुमान यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि क्षेत्र बढ़ा होने तथा बल सीमित होना इसका सबसे बढ़ा कारण है।

कूकर खोला तो सोने के जेवरात गायब थे

दो शातिर बदमाशों ने गहनें साफ करने के बहाने से एक घरलू महिला के साथ ठगी करते हुए तीस हजार से ज्यादा के सोने के जेवरात गायब कर दिए। चंदननगर पुलिस के अनुसार घटना नफीसा निवासी नूरानीनगर के साथ हुई। टीआई डीएस गुर्जर ने बताया कि नफीसा दोपहर में घर पर अकेली थी। इस दौरान दो युवक आए और कहने लगे कि वे विशेष पावडर से उनके सोने के गहनें साफ कर देंगे। इस पर नफीसा ने उन्हें सोने की अंगुठियां आदि जेवरात लाकर दे दिए।

उन्होंने प्रेशर कूकर में गहनें रखे और सफेद पावडर डालकर बंद कर दिया। उन्होंने पानी लाने के बहाने से नफीसा को रसोई में भेजा। वे लौटी तो उन्होंने कहा कि कूकर गैस पर चढ़ा दें और पंद्रह मिनट बाद खोले, तब तक वे दूसर घर होकर आते हैं। नफीसा ने पंद्रह मिनट बाद कूकर खोला तो जेवरात गायब मिले। मोहल्ले में बहुत ढूंढने के बाद भी युवक नहीं मिले। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: