News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मप्र के प्रभारी अनंत कुमार ने केंद्र की यूपीए सरकार पर मप्र के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उसकी तीखी आलोचना की है। भाजपा के मंडल अध्यक्षों के राज्य स्तरीय सम्मेलन का समापन करने ग्वालियर आये भाजपा महासचिव ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि कांग्रेस प्रदेश की जनता के साथ खिलवाड़ और सिर्फ राजनीति के लिए उसे परेशान न करे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश के नगरीय निकाय मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा , जनसंपर्क व संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा और राज्य बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष जयभानसिंह पवैया की मौजूदगी में अनंत कुमार ने बिजली, राहत निधि और महा गरीबों को दिये जाने वाले राशन के मामले को लेकर केंद्र की यूपीए सरकार पर प्रदेश विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने केंद्र सरकार के मप्र विरोधी रवैये के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन चलाने की बात भी कही।
यह पूछे जाने पर कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के मप्र में क्रियान्वयन को लेकर कांग्रेस के नेताओं ने गड़बड़ी किये जाने के आरोप लगाये हैं, अनंतकुमार ने कहा- कांग्रेस नेताओं के आरोप गलत हैं। उनका कहना था कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में साहस है तो वे इन आरोपों को साबित करके दिखाएं। राष्ट्रीय महासचिव के साथ बैठे प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र तोमर ने कहा- कांग्रेसी जिन योजनाओं में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे हैं, उन्हीं के सफल क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार ने हमारी तारीफ की है।
विधायकों, सांसदों और मंत्रियों की लेंगे खबर
प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी के मद्देनजर भाजपा,पार्टी विधायकों, मंत्रियों और सांसदों के कामकाज की खबर लेगी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मप्र के प्रभारी अनंत कुमार ने बातचीत के बीच यह बात कही। उन्होंने कहा कि संगठन नेतृत्व अगले तीन माह में यह काम करेगा।
प्रदेश में भाजपा सरकार और संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोगों के प्रति पार्टी के भीतर और जनता के बीच पनपती नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में एंटी इनकम्बेंसी जैसी कोई बात नहीं है। पार्टी के भीतर या बाहर जो भी नाराजगी है, वह विधायकों, सांसदों और मंत्रियों को लेकर है। हम इसे ठीक कर लेंगे। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में ही होंगे। विधानसभा चुनाव समय से पूर्व कराये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव समय पर ही होंगे।