HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

बस खाई में गिरी, पांच मरे

मुरैना. g छतरपुर से दिल्ली जा रही उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन डिपो की बस देर शाम विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकराने के बाद चम्बल नदी के निकट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे पांच लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए धौलपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक दर्जन लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। एक घायल को मुरैना के जिला अस्पताल में लाया गया है।

जानकारी के मुताबिक मथुरा डिपो की बस क्रमांक यूपी 85 एम-9322 आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर शाम करीब सवा सात बजे सरायछोला थाना अंतर्गत बाबा देवपुरी मंदिर के पास मोड़ पर असंतुलित होकर लगभग 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। सीएसपी जयवीर भदौरिया ने बताया कि हादसा जिस स्थल पर हुआ है, वहां फोरलेन मार्ग दो लाइन में बदल जाता है। ऐसी जानकारी मिली है कि तेज गति से जा रही बस सामने से आ रहे राजस्थान के एक ट्रक आरजे 11 जीए 1627 से जा टकराई। टक्कर के बाद बस गुलाटियां खाते हुए खाई में चली गई। घटनास्थल पर चार यात्रियों की मौत हुई है जिन्हें मुरैना लाया गया है। मृतकों में दो पुरुष, एक बच्चा व एक महिला है। उनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। बस पलटने के दौरान तकरीबन 40 लोग घायल हुए हैं। मौके पर खड़े ट्रक का चालक की ओर का हिस्सा क्षतिग्रस्त है।

धौलपुर ब्यूरो से मिली जानकारी के मुताबिक तीस घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अलबेल सिंह नामक एक व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अलबेल ग्वालियर शहर के मुरार का रहने वाला था। चिकित्सकों के मुताबिक इनमें से एक दर्जन से अधिक लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। चूंकि दुर्घटनास्थल मुरैना जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर और धौलपुर जिला मुख्यालय से मात्र छह किलोमीटर दूर था, इसलिए दोनों ही जिलों के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी अपने अमले के साथ मौके पर पहुंच गए।

मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती गुना निवासी मनोज रघुवंशी के मुताबिक सामने आ रहे एक ट्रक से बचने के चक्कर में बस के चालक का संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित होकर बस खाई में जा गिरी। बस के खाई में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। बस में 50 से अधिक लोग सवार थे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कुछ लोगों को बस से खींचकर बाहर निकाला। बाद में क्रेन से बस को सीधा किया गया और फिर उसमें फंसी सवारियों को गंभीर अवस्था में बाहर निकाला गया।

जानकारी के मुताबिक रात्रि नौ बजे तक दोनों जिलों का अमला ग्रामीणों के साथ राहत कार्य में जुटा रहा। इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग जाम लग गया, जिससे धौलपुर व मुरैना की ओर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करना पड़ी। देर रात दस बजे के बाद यातायात सामान्य हो सका।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: