bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

दीदार को था शहर बेकरार

भोपाल. रविवार सुबह से ही गुलाबप्रेमियों का प्रदर्शनी में जो आना जाना शुरू हुआ वो देर रात तक चलता रहा। शाम होते-होते गाड़ियों की लंबी कतारें लिंक रोड से लेकर चिनार पार्क के पीछे वाली रोड तक लग गईं। प्रदर्शनी में पहुंचने के बाद बच्चे, बड़े और बुजुर्ग सभी जोश और उत्साह के साथ गुलाबी रंगत में खोते दिखाई दिए। गुलाब के फूलों ने भी उन्हें अपना दीवाना बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। वाणिज्यिक कर एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री बाबूलाल गौर ने कार्यक्रम में पहुंच कर संस्थागत और व्यक्तिगत विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सीजीएम डा. डीके जैन, मुख्यमंत्री के सचिव एसके मिश्रा और रोज सोसायटी के अध्यक्ष सुशील प्रकाश उपस्थित रहे।

चैंपियन ट्राफी

इंदिरा गोयल इस बार भी चैंपियन ट्राफी की विजेता रहीं। इन्हें 26 प्रथम और 28 द्वितीय पुरस्कार मिले। सबसे ज्यादा फ्लावर अरेंजमेंट, बेस्ट सेंटेड वैराइटी, बेस्ट टेरेस गार्डन और बेस्ट मल्टीकलर रोज के लिए इन्हें अलग अलग ट्राफी दी गईं। इंदिरा बताती हैं, इस बार उम्मीद चैंपियन ट्राफी जीने की उम्मीद कम ही नजर आ रही थी लेकिन मैंने प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए काफी मेहनत की थी। दोनों बहुओं अमृता और रिचा के सहयोग से इस बार भी चैंपियन बन सकीं।

गुलाबी सौगातें

बाबूलाल गौर ने कहा कि अगले साल से गुलाब प्रदर्शनी आयोजित करने में जितना खर्चा आएगा उसे शासन वहन करेगा। इसके साथ ही जवाहर चौक में 25 लाख रुपए खर्च कर गुलाब उद्यान तैयार किया जाएगा। रोज सोसायटी के संस्थापक एआर खान के अनुरोध पर श्री गौर ने कहा कि जल्दी ही रोज सोसायटी को खुद का कार्यालय मिल जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले एक साल में देश की सभी राजधानियों में से भोपाल राजधानी सबसे खूबसूरत होगी।

थ्री-ईमई सेंटर ने प्रस्तुत किए गीत

थ्री ईमई सेंटर के बैंड ने मधुर गीत-संगीत के जरिए प्रदर्शनी में आने वाले लोगों को मनोरंजन किया। फूलों को निहारने के साथ साथ लोग गीत-संगीत का आनंद भी लेते रहे। सावरिया.., डोली में बिठा के.. और आज मौसम बड़ा बेईमान है. जैसे सदाबहार नगमें भी पेश किए गए।

फूलों और खाद की खरीदारी

प्रदर्शनी में लगे फूलों और खाद के स्टॉलों पर काफी तादात में लोग तरह-तरह के फूल और खाद खरीद रहे थे। बागवानी के उपकरण और घर आंगन को फूलों से सजाने के लिए गमले और डिजाइनर पॉट्स की भी खूब बिक्री हुई। मप्र रोज सोसायटी के सचिव एसके गर्दे ने बताया कि लगभग 1 लाख लोगों ने प्रदर्शनी का भ्रमण इन दो दिनों में किया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: