आष्टा.
उज्जैन से करीब एक बजे उड़ान भरकर घूमने निकला एक टू सीटर विमान (सेफना 152) रविवार को रास्ता भटककर आष्टा की ओर आ गया, जहार्ं इधन खत्म हो जाने की आशंका के चलते उसे आपात स्थिति में एक खेत में उतारना पड़ा। आपात लैंडिंग के कारण विमान का सामने का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसका पायलट सार्थक गौर पूरी तरह से सुरक्षित, लेकिन सदमे की स्थिति में है।
रविवार की दोपहर करीब सवा तीन बजे नगर के अनेक लोगों ने आसमान में काफी नीचे की ओर एक विमान को उड़ते हुए देखा। इसके बाद वह अचानक नीचे की ओर झुकता हुआ ओझल हो गया। थोड़ी देर बाद सूचना मिली कि ग्राम परोलिया के पास की बड़ली में एक विमान उतरा है। इसमें एक पायलट भी है। यह खबर आसपास के क्षेत्र में जंगल में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। इसी दौरान करीब पौने चार बजे किसी व्यक्ति ने स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अफसरों को सूचना दी।
इसके तुरंत बाद सबसे पहले एसडीओपी मनु व्यास घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं सिविल अस्पताल में पदस्थ डा. जीडी सोनी, तहसीलदार मालती मिश्रा आदि भी पहुंच गए और पायलट सार्थक गौर का मेडिकल चेकअप कराया। पायलट काफी घबराया हुआ था और सही ढंग से बात भी नहीं कर पा रहा था। उसे एसडीओपी श्री व्यास अपने साथ अपने कार्यालय में लेकर आए, जहां उसने थोड़ी देर आराम भी किया। सार्थक उज्जैन के फ्लाइंग क्लब यश एयर का सदस्य है। इस मामले की सूचना यश एयर को भी दे दी गई है। पायलट का चेकअप करने वाले डा. सोनी ने बताया कि वह पूरी तरह से स्वस्थ है, लेकिन थोड़ा सदमे में है।
गौर ने बताया कि वह नई दिल्ली का रहने वाला है और करीब दो-तीन माह पूर्व ही उसे फ्लाइंग का लाइसेंस मिला है। रविवार को वह क्लब के टू सीटर विमान से दोपहर में करीब एक बजे के आसपास उड़ान पर निकला था। इसी दौरान रास्ता भटक गया और आष्टा की ओर आ गया। इसके बाद जब अपने कंट्रोल रूम से संपर्क किया तो उन्होंने मुझसे कहा कि लैंड कर दो। इसके बाद करीब सवा तीन बजे आपात स्थिति में विमान को लैंड कराया गया। श्री गौर ने बताया कि अपने बचने को वह ईव्श्रर का चमत्कार ही मान रहा है।
बिना अनुमति ही उड़ान
किसी भी उड़ान के पहले इसकी सूचना एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) से लेनी पड़ती है। साथ ही रूट के विषय में भी जानकारी देना होती है लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इस उड़ान के विषय में कोई सूचना नहीं दी गई।
-आरके सिंह डायरेक्टर, इंदौर एयरपोर्ट