HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

कॉल लेटर पहुंचे नहीं, जांच शुरू

बीकानेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग से चयनित बीएड डिग्रीधारकों को नियुक्तियां देने से पहले दस्तावजों की जांच का काम सोमवार से राज्यभर में शुरू हो जाएगा।प्रारंभिक शिक्षा आयुक्तालय के निर्देश पर पर्यवेक्षक अपने-अपने जिलों के लिए रवाना हो चुके हैं। कम पदों वाले दस जिलों के अलावा भी कुछ और जिलों में पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। चूरू में शनिवार को विवाद होने के कारण वहां भी आयुक्तालय से पर्यवेक्षक लगाया गया है।

दस्तावेजों की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों ने मेरिट के अनुसार टाइम टेबल निर्धारित किया है। एक दिन में औसत ढाई सौ आवेदन-पत्रों की जांच होगी। अभ्यर्थियों को कॉल लेटर दो जनवरी को जारी किए गए थे लेकिन अनेक स्थानों पर कॉल लेटर नहीं पहुंच पाए हैं। अभ्यर्थी संबंधित डीईओ कार्यालय में अपनी जांच की तिथि का पता लगाने में जुटे हुए हैं। समाचार-पत्र के कार्यालय में भी अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के टेलीफोन आ रहे हैं।

कुछ अभ्यर्थियों की शिकायत है कि डीईओ कार्यालय के टेलीफोन नो-रिप्लाई हो रहे हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को अपने मूल दस्तावेजों सहित रविवार को ही आबंटित जिले के लिए रवाना होना पड़ा है।

आयुक्तालय को भी नहीं पता

किसी जिले में कितने वरीयता क्रमांक वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच किस दिन है? इसकी जानकारी प्रारंभिक शिक्षा आयुक्तालय को भी नहीं है। आयुक्तालय ने हालांकि बीएड नियुक्तियों को लेकर कंट्रोल रूम बनाया है लेकिन वहां पर केवल नियुक्तियों का टाइम टेबल ही उपलब्ध है। दस्तावेजों की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों की ओर से निर्धारित मेरिट के अनुसार टाइम-टेबल की सूचना किसी भी जिले से आयुक्तालय नहीं पहुंच सकी। अभ्यर्थियों को आयुक्तालय संपर्क करने पर निराशा मिल रही है।

बीकानेर का तीन दिवसीय कार्यक्रम

बीकानेर में 754 रिक्त पदों पर नियुक्तियां देने के लिए दस्तावेजों की जांच का तीन दिवसीय कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। गंगा चिल्ड्रन स्कूल में दस्तावेजों की जांच सात से नौ जनवरी तक होगी। सात जनवरी को तीन से 4496, आठ को 4516 से 10093 तथा नौ जनवरी को 10104 से 17960 तक की मेरिट वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। जांच के लिए पांच ब्लॉक के हिसाब से पांच काउंटर बनाए गए हैं। डीईओ कार्यालय में रविवार को व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

यहां लगाए पर्यवेक्षक

बीकानेर, बाड़मेर, सिरोही, जैसलमेर, करौली, चूरू, धौलपुर, बांसवाड़ा तथा डूंगरपुर

सभी अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए जा चुके हैं। गंगा चिल्ड्रन स्कूल में सोमवार से दस्तावेजों का मिलान किया जाएगा।
-तेजासिंह, डीईओ (प्रारंभिक)





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: