HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

कांस्टेबल परीक्षा का पर्चा लेकर भागा सिपाही

डूंगरपुर. पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा के दौरान एक सिपाही पुलिसलाइन स्थित परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र लेकर भाग निकला। पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से 60 हजार रुपए की राशि भी बरामद हुई, जो उसने एक परीक्षार्थी से नकल कराने के बदले ली थी। एसपी विजेंद्र झाला ने बताया कि राजसमंद जिले की पुलिसलाइन में तैनात सिपाही भूराराम विश्नोई रविवार को पुलिस की वर्दी में भर्ती परीक्षा केंद्र पहुंचा।

वहां बरामदे में अनुपस्थित छात्रों के प्रश्नपत्र रखे हुए थे। उसने उनमें से एक प्रश्नपत्र निकाला और चुपके से खिसक लिया। उसकी यह हरकत परीक्षक ने देख ली। परीक्षक की सूचना पर सदर थानाधिकारी बंशीलाल वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने हुलिए के आधार पर पुलिसलाइन में उस सिपाही की तलाश की।

इसी दौरान आरोपी सिपाही कुछ दूरी पर एक झाड़ी के पीछे प्रश्नपत्र हल करता हुआ पाया गया। अधिकारियों ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। तलाशी के दौरान उसकी जेब से 60 हजार रुपए की मिले। उसने यह राशि एक परीक्षार्थी को नकल कराने के बदले में ली थी।

पुलिस उपाधीक्षक कैलाशदान जुगतावत के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ के दौरान सिपाही ने बताया कि इस परीक्षा केंद्र पर उसका परिचित नागौर निवासी प्रेमप्रकाश सिंह परीक्षा दे रहा था। उसने नकल के जरिए प्रेम को पास कराने का जिम्मा लिया था। इसके लिए 60 हजार रुपए की राशि तय हुई थी। यह राशि उसने परीक्षा से पूर्व ही प्राप्त कर ली थी। पुलिस ने परीक्षार्थी प्रेमप्रकाश को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

ड्यूटी से गैरहाजिर
परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र चुराकर भागने के आरोप में गिरफ्तार राजसमंद पुलिसलाइन का सिपाही भूराराम विश्नोई ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहा था। जिला पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की सूचना राजसमंद पुलिस को दे दी है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: