उदयपुर/खेरवाड़ा. खेरवाड़ा में पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) से महज 50 मीटर की दूरी पर श्रीराम मंदिर में सशस्त्र बदमाशों ने शनिवार रात महंत प्रेमदास (५५) को घायल कर 50 हजार रुपए की नकदी, चांदी छत्र, मुकुट आदि आभूषण लूट लिए। लूट के विरोध में व्यापारियों ने रविवार दोपहर बाद तक प्रतिष्ठान बंद रखे और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
घटनानुसार मंदिर के मंहत प्रेमदास शनिवार रात मंदिर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। मध्य रात्रि लुटेरे मंदिर परिसर में घुसे और चौकीदार बंशीलाल मीणा को एक कमरे में बंदकर दिया। बदमाशों ने मुख्य मंदिर का दरवाजा तोड़ा और महंत पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट आने से मंहत जख्मी होकर वहीं गिर गए।
महंत के अनुसार लुटेरों की संख्या 8 से 10 के बीच थी। बदमाशों ने भगवान श्रीराम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की प्रतिमाओं से चांदी के मुकुट, छत्र, सिंहासन, पालकी व आभूषणों के अलावा 50 हजार रुपए की नकदी लूटकर फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद खून से लथपथ महंत ने उठकर चौकीदार को कमरे से बाहर निकाला और मोबाइल से मंदिर के समीप रहने वाले भंवरलाल अग्रवाल को घटना की सूचना दी। कुछ समय बाद एसपी गोविंद गुप्ता, एसपी (ग्रामीण) कालूराम रावत, डीएसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा, खेरवाड़ा थानाप्रभारी दलपतसिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
डॉग स्कवॉड की टीम ने अपराधियों का सुराग लगाने की कोशिश की, लेकिन खोजी कुत्ते कब्रिस्तान तक जाकर रुक गए। घायल महंत को खेरवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें उदयपुर के एमबी (महाराणा भूपाल) अस्पताल भेजा गया।
महंत ने बताया कि लुटेरों में से एक उनके पास बैठा रहा, जबकि अन्य ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का मानना है कि अपराधी किसी वाहन से फरार हुए। पुलिस ने जिले में नाकाबंदी भी करवाई, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
चौकीदार से पूछताछ
पुलिस चौकीदार बंशीलाल से पूछताछ कर रही है। उसे हाल ही मंदिर की सुरक्षा में लगाया गया था। वह दो दिन से मंदिर के ही एक कमरे में रह रहा था।
चौथी वारदात
खेरवाड़ा के मंदिरों में चोरी की यह चौथी वारदात है। इससे पूर्व शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, किले माताजी मंदिर और बाबाराम देव मंदिर में भी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। सालभर में यहां चोरी की 15 वारदातें हुई हैं, लेकिन अब तक किसी भी चोरी का राज नहीं खुल पाया है।