उदयपुर.
पॉप म्यूजिक वल्र्ड क्वीन मेडोना ने संडे परिवार व मित्रों के साथ लेकसिटी में बिताया। वे जैसे ही बोटिंग के लिए उदयविलास होटल की जेटी पर आई, पीछोला झील की नैसर्गिक खूबसूरती पर फिदा होकर उनके मुंह से बरबस निकल पड़ा- ‘व्हाट ए ब्यूटीफुल लेक।’ उन्होंने करीब एक घंटे तक बोटिंग का लुत्फ लिया।
शाम साढ़े चार बजे डार्क ब्लू जैकेट और ब्लैक पेंट पहनी मेडोना, पति व बच्चों के साथ होटल उदयविलास पहुंचीं। उनके साथ अन्य तीन महिलाएं भी थीं, जिनमें से एक उनके दो बच्चों को संभाल रही थी।
गोद लिया नीग्रो बालक भी उनके साथ था। मेडोना ने पीछोला में बोटिंग करते हुए सिटी पैलेस, जगमंदिर व बड़ी पाल की खूबसूरती को निहारा। मेडोना ने नई पुलिया, गणगौरघाट भी देखा और बाद में उदयविलास लौट र्आई।
बॉडीगार्ड के बीच मेडोना : दोपहर 12 बजे मेडोना का चार्टर प्लेन महाराणा प्रताप हवाई अड्डे पर टेकऑफ हुआ। इससे पहले ही एक बॉडीगार्ड एयरपोर्ट पहुंच चुका था। मेडोना के एयरपोर्ट आने से पहले ही प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के छायाकार वहां पहुंच चुके थे। मेडोना से पहले एक महिला नीग्रो बच्चे को गोद लिए विमान से बाहर आई।
उसके बाद मेडोना, पति रिची गाय व दो बच्चे बाहर आए। बॉडीगार्ड उन्हें घेरकर कार तक लाए। मेडोना की कार में पति व बॉडीगार्ड थे, जबकि अन्य दो कारों में उनके बच्चे व अन्य मीन महिलाएं बैठीं। एयरपोर्ट से वे सीधे उदयविलास के लिए रवाना हुए।
पीछोला में मेडोना की बोट का रोमांचक पीछा
अख्तर हुसैन.
ऊपर बादलों से गिरा आसमान और नीचे हिलोरे लेती पीछोला झील, जिस पर मेडोना की बोट सरपट भाग रही थी। हमारी बोट का पावर कम था, लेकिन पीछा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। जैसे ही मैंने सीटी बजाई तो मेडोना पलटी।
फिर इशारे से पूछा कैसा लगा शहर? तो मेडोना ने भी दोनों हाथ हिलाकर लेकसिटी की खूबसूरती पर फिदा होना बताया। पौने पांच बजे जैसे ही मेडोना की बोट लेकपैलेस के पास पहुंची, तो हमारी बोट मेडोना की बोट के पीछे लग गई।
ड्राइवर रामलाल ने तेज गति से बोट भगाई, जबकि मेडोना की बोट का इंजन 45 एचपी का था और हमारी बोट का इंजन 25 एचपी का। मुंह फेरे बैठी मेडोना को कैमरे में कैद करने के लिए जैसे ही सीटी बजाई तो फिर उसने पलट कर देखा।
इशारा कर पूछा कि कैसी है लेक, तो उसने गाइड से इशारे के बारे में पूछा। बाद में हाथ उठाकर इशारे में ही इस खूबसूरत लेक पर फिदा होना बताया। करीब घंटेभर झील में बोटिंग कर लुत्फ लेने के बाद मेडोना की बोट उदयविलास की जेटी पर पहुंची, जहां से वह परिवार व मित्रों के साथ उदयविलास में चली गई।