कोटा.
रंगीन रोशनी बिखेरती लाइटों के बीच रैंप पर कैटवॉक करते हुए मॉडल्स ने अपनी अदाओं से लोगों का मन मोह लिया। किसी ने डांस का जलवा दिखाया तो किसी ने स्टाइल का। कोई सीधे चलते हुए आया तो कोई इठलाते हुए। यहां हर एक की अदा निराली थी। जो इनमें आम था वह था खादी। यहां सभी मॉडल्स ने खादी के कपड़ों को पहनकर कैटवॉक की। अवसर था गीता भवन में विनोबा सेवा समिति की खादी प्रदर्शनी के तहत आयोजित खादी परिधान उत्सव का।
खादी कलेक्शन शो में खादी को इतने अलग स्टाइल में पेश किया जिससे लोगों ने दांतों तले उंगली दबा ली। खादी उत्सव में हर प्रस्तुति में खादी के वस्त्रों का ही प्रयोग किया गया। शो का प्रारंभ वंदे मातरम गीत पर नृत्य के साथ हुआ।
इसके बाद कंगना तेरा ही सानु करे इशारे, इश्क निभावा गीतों पर मॉडल्स ने नृत्य की प्रस्तुति दी। इसके बाद कैटवॉक में मॉडल्स ने खादी के बने टॉपर, साड़ी, सलवार सूट, कुर्ता पायजमा, शॉल, स्टॉल्स को पहनकर कैटवॉक की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव ओम बिरला थे।
उन्होंने खादी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी के संयोजक शशिकांत मित्तल ने बताया कि समिति द्वारा झालावाड़ में खादी के वस्त्र तैयार कराए जाते है। इसमें 2 हजार परिवारों को रोजगार मिल रहा है। प्रदर्शनी में खादी के सभी वस्त्र इन्हीं लोगों द्वारा बनाए गए है।