कोटा. राज्य में पिछले पांच सालों में खुले 7 विश्वविद्यालयों के पास विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) का फिटनेस (12बी) प्रमाणपत्र नहीं है। इसके अभाव में इन विश्वविद्यालयों को यूजीसी से अनुदान नहीं मिल पाया है। यही कारण है कि ये विवि दूसरे प्रदेशों के विश्वविद्यालयों के मुकाबले पिछड़ रहे हैं।
इनमें कोटा का महावीर वर्धमान खुला विवि भी है, जो फिटनेस प्रमाणपत्र के बावजूद अनुदान से वंचित है। राज्यपाल व कुलाधिपति शीलेंद्र कुमार सिंह के साथ जयपुर में 4-5 जनवरी को समस्त विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की बैठक हुई थी। इसमें कुलपतियों ने फिटनेस संबंधी मसले को प्रमुखता से उठाया था।
राज्यपाल ने तब कहा था कि विश्वविद्यालयों के पास न तो विभाग है और न ही उसके मुताबिक स्टाफ। इससे यूजीसी की पंचवर्षीय योजनाओं का लाभ विवि नहीं ले पा रहे हैं। पिछले साल राज्य की पूर्व राज्यपाल प्रतिभा पाटिल के साथ यूजीसी के चेयरमैन व सैक्रेटरी की मीटिंग में भी विवि के फिटनेस को लेकर सवाल उठाए गए थे। राज्य में फिलहाल 13 विवि हैं और हाल ही 4 निजी विवि खोलने की घोषणा की गई है।
ये हैं अनफिट?
राजस्थान मेडिकल यूनिवर्सिटी, जयपुर
जगतगुरु रामानंदाचार्य संस्कृत विवि, जयपुर
कोटा विवि, कोटा
राजस्थान आयुर्वेदिक विवि, जोधपुर
राजस्थान तकनीकी विवि, कोटा
राजस्थान कृषि विवि, बीकानेर
बीकानेर विवि, बीकानेर
इनको मिले प्रमाणपत्र
राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर,
जयनारायण व्यास विवि जोधपुर,
मोहनलाल सुखाड़िया विवि उदयपुर
महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि उदयपुर,
वर्धमान महावीर खुला विवि, कोटा
महर्षि दयानंद सरस्वती विवि, अजमेर।
12 (बी) सर्टिफिकेट के लिए क्या जरूरी
विवि के पास 6 विभाग होने चाहिए। इन विभागों में एक प्रोफेसर, दो एसोसिएट प्रोफेसर और 4 लेक्चरर जरूरी हैं। इसके बाद ही यूजीसी फिटनेस प्रमाणपत्र देती है।
>> काफी कोशिशों के बाद भी राज्य के 7 विवि फिटनेस हासिल करने में असमर्थ रहे हैं। सरकार सहयोग करे तो प्रमाण-पत्र मिल सकता है।’
—प्रो. बीएल वर्मा, पूर्व कुलपति, कोटा विवि
>> यूजीसी के मापदंड अभी पूरे नहीं हैं। इसी वजह से 12बी प्रमाण-पत्र नहीं मिला। इसके बिना अनुदान नहीं मिलेगा।
प्रो. दामोदर शर्मा, कुलपति, तकनीकी विवि कोटा
>> खुला विवि के पास 12बी फिटनेस प्रमाण-पत्र तो है लेकिन, दूरस्थ शिक्षा विवि होने के कारण यूजीसी से अनुदान नहीं मिलता।’
प्रो. नरेश दाधीच, कुलपति, वर्धमान महावीर खुला विवि
>> गवर्नर के साथ बैठक में फिटनेस का मसला सभी ने उठाया। सरकार ने इस बारे में प्रमुखता से विचार करने के लिए कहा है।
प्रो. एमएल कालरा, कुलपति, कोटा विवि
विवि को नुकसान
कोई विवि एक पंचवर्षीय योजना में यूजीसी से 20 करोड़ रुपए से अधिक का अनुदान ले सकता है। इस मार्च से पहले यदि इन विश्वविद्यालयों को फिटनेस प्रमाणपत्र मिल जाता है तो उन्हें यूजीसी से करोड़ों रुपए अनुदान के रूप में मिल सकते हैं।
शैक्षणिक कार्य भी प्रभावित
फिटनेस प्रमाणपत्र के अभाव में शोध, लेबोरेट्री डवलपमेंट, प्रोजेक्ट, पेपर प्रेजेंटेशन के लिए बाहर जाने सहित अन्य शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। शिक्षक, शोध विद्यार्थियों व एससी-एसटी के विद्यार्थी भी अनुदान का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
निजी विवि से लगेगा झटका
राजकीय विवि के कुलपतियों का कहना है कि निजी विवि पूरी तरह स्वायत्तशासी होंगे। छात्रों से दुगुनी-तिगुनी फीस लेकर शिक्षकों को भी ज्यादा वेतन देंगे। ऐसे में राजकीय विवि में पढ़ाने वाले कैसे रुकेंगे।