भिवानी.
बिजली संकट के चलते चौधरी बंसीलाल सामान्य अस्पताल में मोमबत्ती की रोशनी में महिलाओं की डिलीवरी हो रही है। इसका खुलासा दो महिलाओं के झुलसने से हुआ। शनिवार रात को दो महिलाएं प्रसूति के दौरान मोमबत्ती का मोम गिरने से झुलस गईं।
दोनों महिलाएं जच्च-बच्च वार्ड में उपचाराधीन हैं। शनिवार रात गांव प्रेमनगर की महिला साक्षी को परिजन डिलीवरी के लिए सामान्य अस्पताल लाए थे। प्रसूति के समय अचानक बिजली चली गई। बिजली जाने पर महिला चिकित्सकों ने मोमबत्ती की रोशनी में डिलीवरी करवाई। यहां तक कि उक्त महिला का सिजेरियन ऑपरेशन भी मोमबत्ती की रोशनी में ही किया गया।
इस दौरान मोमबत्ती का गर्म मोम महिला के पैर पर गिरता रहा, जिससे वह झुलस गई। चूंकि महिला बेहोशी की हालत में थी, इसलिए उसे जलने का अहसास होश में आने के बाद हुआ। इसी तरह की एक अन्य घटना हनुमान ढाणी निवासी ममता के साथ घटी। डिलीवरी के समय ममता का पैर भी मोमबत्ती के गर्म मोम से मामूली रूप से झुृलस गया। दोनों महिलाएं जख्मी हालत में जच्च-बच्च वार्ड में उपचाराधीन है।
साक्षी ने बताया कि यहां पर आए दिन मोमबत्ती की लौ में ही महिलाओं की प्रसूति करवाई जा रही है और ऐसी घटनाएं आम बात हो गई हैं।
इस तरह का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर इस तरह का कोई मामला पाया जाता है, वे इसकी जांच करवाएंगे।
—डॉ. खजान सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बंसीलाल सामान्य अस्पताल