News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati सीकर. जयपुर रोड पर गोकुलपुरा के समीप रविवार शाम रोडवेज बस की टक्कर से कार में सवार कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य लेखाधिकारी सहित पांच व्यक्ति घायल हो गए। घायल ड्राइवर को जयपुर रैफर कर दिया गया। सदर थाने के हवलदार खींवाराम ने बताया कि कृषि विपणन बोर्ड के वित्तीय सलाहकार एवं मुख्य लेखाधिकारी सीताराम शर्मा 59, उनकी पत्नी पुष्पादेवी, पुत्र अजय 25, पुत्री प्रियंका 28 निवासी जयपुर व ड्राइवर झूंथाराम चिड़ावा में शोकसभा में शामिल होकर कार में जयपुर जा रहे थे।
रास्ते में हाइवे पर गोकुलपुरा के पास तेज गति से आती एक रोडवेज बस ने सामने से कार को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में कार में सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जमा हुए लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकाला और एसके अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार व बस को मौके से हटाया कर रास्ता साफ किया।
लेखाधिकारी के हादसे में घायल होने की सूचना पर सांसद सुभाष महरिया, भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विष्णु चेतानी व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अशोक महरिया, कर्मचारी महासंघ अध्यक्ष किशनसिंह चौहान व अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। जनप्रतिनिधियों व लोगों ने घायल अधिकारी व उनके परिवार से हादसे की जानकारी ली। घायल ड्राइवर को जयपुर रैफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।