जालंधर.जालंधर के जेल में आज कैदियों और जेल प्रशासन के बीच हुई झड़प में एक कैदी की मौत हो गई जबकि कई जख्मी हो गए। कैदियों ने जेल परिसर में आगजनी की है। फिलहाल फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं।
बताया जाता है कि कल एक कैदी का बाल काटे जाने पर माहौल कुछ गरमा गया था। आज सुबह कैदियों ने जेल में भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। कैदियों का यह भी कहना था कि जेल प्रशासन हमेशा से उनके साथ बदसलूकी करता आ रहा है।
जेल प्रशासन ने कैदियों की भूख हड़ताल खत्म कराने के लिए आज सुबह हल्का लाठीचार्ज किया। इसके बाद माहौल काफी गरमा गया। जेल प्रशासन और कैदियों के बीच झड़प शुरू हो गई। कैदियों पर नियंत्रण के लिए जेल प्रशासन की तरफ से फायरिंग की गई जिसमें एक कैदी की मौत होने की खबर है। नाराज कैदियों ने जेल परिसर के कई क्षेत्रों में आगजनी की।