जयपुर.प्रदेश भाजपा में घोर गुटबाजी के बीच आज राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में वसुंधरा राजे ही भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार होंगीं।
भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष माथुर ने कहा कि पार्टी हाईकमान की तरफ से यह आदेश दिया गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव वसुंधरा राजे के नेतृत्व में लड़ा जाएगा और उन्हें भावी मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट किया जाएगा।
ओम प्रकाश माथुर अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद पार्टी की तरफ आयोजित एक स्वागत समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव होने में अब केवल दस महीने बाकी रह गए हैं, इसलिए सभी लोगों को एकजुट होकर पार्टी को फिर से विधानसभा में 120 से अधिक सीट हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए। माथुर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे वसुंधरा राजे सरकार द्वारा चलाए गए विकास कार्यक्रमों का प्रचार जन-जन तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें कोई संदेह नहीं है कि उनकी पार्टी अगले विधानसभा चुनाव मंे 120 से अधिक सीट जीतेगी।
गौरतलब है कि राजस्थान विधानसभा के 200 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने हैं।