|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur राजनांदगांव.
लंबे समय बाद शहरवासियों को एक अदद गार्डन की सौगात मिलने वाली है। दिग्विजय स्टेडियम और चौपाटी के बीच में सालों से बंजर पड़ी जमीन की तस्वीर तेजी से बदल रही है। नगर निगम वहां करीब 40 लाख रुपए की लागत से बाल उद्यान बनवा रहा है। शहर में मनोरंजन और टाइम पास के लिए और कोई दूसरा ढंग का गार्डन नहीं है। इस कारण निर्माणाधीन उद्यान पर सबकी नजर टिकी हुई है।
गार्डन में फूलों की लहरदार झालरों की श्रृंखला तैयार हो गई है। गुलाब फुलों के लिए वहां अलग से बनाई गई क्यारियां आकर्षक नजारा पेश कर रही है। गार्डन के बीच में एक फव्वारा लगाया गया है। रंगीन बल्बों वाला यह फव्वारा गार्डन की सुंदरता में चार चांद लगाएगा। फव्वारे की टंकी के इर्द-गिर्द खुशबूदार फुलों के पौधे हैं।
नगर निगम अध्यक्ष मधुसूदन यादव का कहना है कि बाल उद्यान शहर के लोगों के लिए न सिर्फ मनोरंजन या फिर सैर-सपाटे का का काम आएगा बल्कि पिकनिक स्पाट के रूप में भी उपयोगी होगा। घने वृक्षों के बीच गार्डन के चारों ओर जगमगाती रंगीन लाइटें हैं जो रात में उसक सुंदरता बढ़ा रहा है। वहां बच्चों के मनोरंजन का खास ध्यान रखा गया है।
कई तरह के झूले और फिसपट्टियों के अलावा कई अन्य आकर्षक चीजें हैं। गार्डन के बीचों-बीच दौड़ेगी ट्राय ट्रेन। इसके लिए बेस तैयार किए जा रहे हैं। जनवरी अंत तक पटरी बिछा दी जाएगी। फरवरी के पहले सप्ताह से ट्रायल शुरू कर दिया जाएगा। चौपाटी से सटे होने के कारण गार्डन की सुंदरता रात में और बढ़ जाएगी। चौपाटी और गार्डन दोनों आसपास होने से भी मनोरंजन के लिए पहुंचने वालों को सुविधा होगी।
उल्लेखनीय है कि शहर में लोगों को समय बिताने, सैर-सपाटे या मनोरंजन के लिए एक अदद गार्डन का लंबे समय से इंतजार था। पुराने गार्डनों में शीतला मंदिर के पास वाला नेहरु पार्क की ही स्थिति थोड़ी ठीक है। देखरेख के अभाव में शेष गार्डनों का अस्तित्व खत्म हो चुका है। निगम के केंद्रीय कार्यालय के ठीक सामने भी एक गार्डन है। देखरेख व सफाई के अभाव में वहां कचरों का ढेर लगा हुआ है।
म्यूजिकल फाउंटेन भी
बाल उद्यान के सामने खाली पड़ी जमीन को घेरकर गार्डन की तरह सजाया जा रहा है। इसका गेट गार्डन के ठीक सामने से होगा। वहां लगेगा जिले व शहर का पहला म्युजिकल फाउंटेन। इसका निर्माण करा रहा है विद्युत मंडल। मंडल के अफसरों ने बताया कि बालोद्यान का फाउंटेन मैत्री बाग भिलाई में लगे म्युजिकल फाउंटन की तरह होगा।
इसमें हर शाम दो घंटे तक फिल्मी धुनों पर रंगीन फव्वारा नाचेगा। शहर में अब तक रंगीन लाइटिंग वाले ही दो ही फव्वारे लगाए गए हैं। एक पोस्ट आफिस चौक पर दूसरा पुराना अस्पताल के पास है।
सीएम करेंगे लोकार्पण
बाल उद्यान का लोकार्पण मुख्यमंत्री डा. रमनसिंह के हाथों होगा। नगर निगम आयुक्त आलोक सूर ने बताया कि गार्डन का काम लगभग पूरा हो चुका है। ठेकेदार को जनवरी तक हर हाल में काम पूरे करने कहा गया है। फरवरी में गार्डन का लोकार्पण करा दिया जाएगा। कार्यक्रम मुख्यमंत्री के आतिथ्य में होगा।
निगम ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि शहर में छोटे-छोटे और भी कई गार्डन बनने हैं। इसके लिए कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सरकार से फंड मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
दूसरे गार्डनों की भी सुध लें
कांग्रेस पार्षद दल के प्रवक्ता अशोक पंजवानी ने नए गार्डन को अच्छी पहल कहा है। लेकिन उनका कहना है कि शहर में और भी गार्डन हैं जो उपेक्षा के चलते उजड़ रहे हैं। इनमें शीतला मंदिर के सामने, सिविल लाइन वाले गार्डन प्रमुख हैं। प्रशासन को चाहिए कि उन गार्डनों की भी सुध लें। अन्यथा नेहरू उद्यान, पुष्प वाटिका की तरह इन गार्डनों का अस्तित्व भी खत्म हो जाएगा।