|
भोपाल. दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्र संगठन (आसियान) के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों और भारत सरकार के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर सोमवार से भोपाल में बैठक शुरू हो गई। तीन दिनों तक चलने वाली इस बैठक में दोनों पक्ष मुक्त व्यापार पर समझौते के लिए सुगम रास्ता तलाशेंगे। हालांकि यह अंतिम बैठक नहीं है। इसके बाद तीन से चार बैठकें और होंगी तत्पश्चात समझौते पर मुहर लग पाएगी।
भोपाल के जहांनुमा पैलेस होटल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रही इस उच्चस्तरीय बैठक में दस देशों के 60 से ज्यादा प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। जिन देशों के प्रतिनिधि बैठक में मौजूद है वे हैं- ब्रुनोई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, फिलीपिंस, मलेशिया, म्यांमार, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम। सरकारी सूत्रों के अनुसार आसियान के सदस्य देश भारत समेत चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ मुक्त व्यापार समझौते की दिशा में संवादरत हैं।
बातचीत के लिए भारत की ओर से वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव प्रसन्न कुमार दाश टीम लीडर की भूमिका में हैं। उनकी टीम में वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारियों के अलावा विदेश मंत्रालय विधि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं, जबकि आसियान के टीम लीडर डॉ रेबेका हैं। बातचीत का यह क्रम वर्ष 2004 से चल रहा है। पिछली बैठक 2007 में दिल्ली में हुई थी।