|
सोमाखेड़ी (खरगोन). मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के सोमाखेड़ी में रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे रिटायर्ड थानेदार ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर 21 वर्षीय धर्मेद्र पिता रमेश भील को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। इलाज के दौरान इंदौर के चोइथराम अस्पताल में सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सीताराम ग्रेवाल, उनकी पत्नी, पुत्र और पुत्री को हिरासत में ले लिया है।
एडिशनल एसपी अनिलसिंह कुशवाह ने बताया मृत्यु पूर्व बयान में धर्मेद्र ने बताया कि उसे रात करीब साढ़े नौ बजे रिटायर्ड थानेदार सीताराम ग्रेवाल ने अपनी पत्नी राधाबाई, पुत्री रेखा व पुत्र धर्मेंद्र के साथ पकड़ा और पेट्रोल छिड़कने के बाद आग लगा दी। धर्मेद्र रात करीब साढ़े आठ बजे घर से निकला था। जब सीताराम के घर के पास से उसकी चीखें सुनाई दी तो लोग उसे बचाने दौड़े। 60 फीसदी जली हालत में उसे मंडलेश्वर अस्पताल ले जाया गया जहां से इंदौर रैफर किया गया। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। गांव के लोगों का कहना है कि धर्मेद्र को सुबह ही सीताराम की पत्नी ने अपने घर की ओर नहीं आने की हिदायत देते हुए जिंदा जला देने की धमकी दी थी।
कारण जो सामने आया-
धर्मेद्र सीताराम की बेटी रेखा को पसंद करता था और वह उससे शादी करना चाहता था लेकिन रेखा की शादी घरवालों ने पिछले साल मई में दूसरी जगह कर दी थी। सीताराम ने कहा शादी के बाद उसका और उसकी बेटी का धर्मेद्र से कोई लेना-देना नहीं था। वह हमारे घर के पास आकर किस तरह जिंदा जला हमें नहीं मालूम। उसे जलता देख हम बाहर आए और मेरी बेटी ने उसपर पानी भी डाला।
मेहरबान है पुलिस!
धर्मेद्र को जिंदा जलाए जाने से सारा गांव सकते में है। अधिकांश लोगों ने मीडिया के सामने रिटायर्ड थानेदार और उसकी पत्नी की दादागिरी के किस्से बताकर संदेह जताया लेकिन मंडलेश्वर पुलिस को उससे हमदर्दी है। सोमवार दोपहर नर्मदा किनारे धर्मेद्र का अंतिम संस्कार हो रहा था तब सीताराम मंडलेश्वर थाने से बाहर बड़े मजे से शॉल ओढ़कर अकेला घूम रहा था। इतना ही नहीं उसने कांस्टेबलों को निर्देश देकर अपने लिए सिरदर्द बंद करने की टेबलेट भी बुलवाई। उस वक्त थाने पर मौजूद एएसआई पी.एस. यादव का मीडिया ने इस ओर ध्यान दिलाया तो वे भड़क गए। उन्होंने कहा मुझे कानून मत सिखाओ! साहब (सीताराम) भाग जाएंगे तो मैं एसपी को जवाब दूंगा। वैसे भी मुझे इस जिले में रहने का शौक नहीं है।
पेटलावद में कुल्हाड़ी मारकर हत्या
सारंगी (पेटलावद). मोटर चालू करने गए ग्राम पंचायत के वाटरमैन 40 वर्षीय रामचंद्र पिता गोवर्धनलाल राठौड़ की रविवार रात नौ बजे अज्ञात लोगों ने सिर व गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। हमलावरों ने सिर व गर्द के दो भाग कर शव को रतलाम रोड स्थित ओकाबाबाजी मंदिर के पास एक खेत में फेंक दिया। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। पेटलावद एसडीओपी एम.एस. मंडलोई ने बताया रामचंद्र रविवार देर शाम मांडन से हाट बाजार में खरीदी के बाद परिवार सहित घर लौटा। खाना खाकर करीब नौ बजे घरवालों से मोटर चालू करने का कहकर चला गया। वारदात के कारणों व आरोपियों का पता नहीं चल सका। रामचंद्र के बेटे बालकृष्ण ने बताया पिता का किसी से कोई विवाद नहीं था।