Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

बिजली कटौती ने बिगाड़ा शिड्यूल

बीकानेर. light प्रदेश में बिजली संकट के चलते बीकानेर को भी खपत की तुलना में लाखों यूनिट बिजली कम मिल रही है। बीकानेर में फिलहाल करीब 35 लाख यूनिट बिजली की आवश्यकता है लेकिन सोमवार को 30 लाख 5७ हजार यूनिट बिजली ही मिली। बिजली संकट के चलते संभाग मुख्यालयों पर तीन-तीन घंटे कटौती की जा रही है। बीकानेर में दो चरणों में बिजली काटी जा रही है।

राज्य सरकार ने बिजली की कमी को देखते हुए शहरी क्षेत्र में कटौती कर ग्रामीणों को आपूर्ति करने का निर्देश दिया है ताकि गेहूं की फसल को नुकसान नहीं पहुंचे। बिजली कटौती के कारण बीकानेर के लोगों के सामने एक बार फिर परेशानी खड़ी होने लगी है।

लोगों का कहना है कि एक ओर जो राज्य सरकार पूरी बिजली उपलब्ध कराने का लगातार दावा कर रही है वहीं सर्दी में कटौती हो रही है। सर्दी के दिनों में हालांकि बिजली की खपत कम होती है फिर भी कटौती। ऐसे में गर्मी के सीजन में क्या होगा।

डिस्कॉम ने सुबह की कटौती का समय 12 से दोपहर 3 बजे और दो से पांच बजे तक का तय किया जबकि स्कूलों का समय भी करीब-करीब यही है। इतना ही नहीं कटौती के चलते कारोबार भी प्रभावित होगा।

सर्दी के कारण वैसे भी शाम छह बजे के बाद बाजारों में सन्नाटा छा जाता है, ऐसे में दिन के समय तीन घंटे की कटौती दुकानदारों के लिए कोढ में खाज साबित हो रही है। यह कटौती कितने दिन चलेगी, इसका जवाब तो डिस्कॉम अधिकारियों के पास भी नहीं है। मंगलवार से कटौती का जो नया शिड्यूल लागू किया जा रहा है, उससे भी बच्चों और दुकानदारों की परेशानी और बढ़ेगी।

अब रात में होगी जलापूर्ति
बिजली कटौती के कारण शहर की पेयजल आपूर्ति भी गड़बड़ा गई है। शाम के समय होने वाली पेयजल आपूर्ति अब रात में होगी। कटौती का जो समय है उसे देखते हुए सुबह की आपूर्ति की सुचारु रह सकेगी।

बीकानेर शहर में 87 हजार से अधिक उपभोक्ता कटौती के कारण प्रभावित हो रहे हैं। शहरी क्षेत्र में सुबह और शाम के समय आपूर्ति होती है। 12 से तीन और दो से पांच बजे के कटौती के कारण शाम सात बजे होने वाली आपूर्ति की व्यवस्था बिगड़ने लगी है।

राज्य सरकार के निर्देश के अनुसार जरूरी सेवाओं को कटौती से अलग रखा गया है लेकिन शहर में पानी की आपूर्ति कुओं के माध्यम से भी होती है। कटौती के चलते इन कुओं के पंप काम नहीं करते।

दो से पांच बजे के बीच मेन सब-स्टेशन, फड़बाजार, गिन्नाणी, सुभाषपुरा, इंदिरा कॉलोनी, डेयरी, इंदिरा गांधी नहर परियोजना कॉलोनी, गांधीनगर, सुदर्शन नगर, कृषि विश्वविद्यालय, पवनपुरी, जेलवेल, कोटगेट, शादरुल कॉलोनी, मॉडर्न मार्केट, केईएम रोड, आंबेडकर सर्किल, डीआरएम ऑफिस, पीबीएम अस्पताल, सेटेलाइट, जस्सूसर, गोशाला क्षेत्र, मुरलीधरव्यास नगर आदि क्षेत्र में कटौती के चलते पानी की आपूर्ति का शिड्यूल बिगड़ रहा है।

आज से कटौती का समय बदला
बिजली की कमी के चलते बीकानेर वृत्त ने मंगलवार से शहर में बिजली कटौती का नया शिड्यूल लागू कर दिया है। सोमवार को जहां दोपहर 12 से तीन और दोपहर दो से पांच बजे तक कटौती रही वहीं मंगलवार को दोपहर एक से चार और 2.30 से 5.30 बजे तक शहर के अलग-अलग क्षेत्र में कटौती रहेगी।

नई व्यवस्था के तहत 220 जीएसएस, फीडर नम्बर 1,2,5,7, 9 तथा 132 केवी जीएसएस पूगल रोड फीडर नम्बर 7, 8 और दो से जुड़े क्षेत्रों में एक से 4 बजे तक कटौती रहेगी। इन क्षेत्रों में जयनारायण व्यास कॉलोनी, नवल सागर, शादरूल गंज, खतूरिया कॉलोनी, तिलक नगर, शिवबाड़ी, उदासर, रिडमलसर, रायसर, भीनासर, गंगाशहर, रानीबाजार, मुक्ताप्रसाद कॉलोनी, मोहता सराय, नत्थूसर, उस्ताबारी, पवनपुरी और अन्य क्षेत्र शामिल है।

इसी तरह 2.30 से 5.30 बजे के बीच मेन सब-स्टेशन, फड़बाजार, गिन्नाणी, सुभाषपुरा, इंदिरा कॉलोनी, डेयरी, इंदिरा गांधी नहर परियोजना कॉलोनी, करणीनगर, गांधीनगर, सुदर्शन नगर, कृषि विश्वविद्यालय, पवनपुरी, जेलवैल, कोटगेट, शादरुल कॉलोनी, मोडर्न मार्केट, केईएम रोड, आंबेडकर सर्किल, डीआरएम ऑफिस, पीबीएम अस्पताल, सैटेलाइट, जस्सूसर, गोशाला क्षेत्र, मुरलीधर व्यास नगर आदि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: