|
जोधपुर. जोर-शोर से शुरू किया गया सड़क सुरक्षा अभियान पहले दिन फ्लॉप शो साबित हुआ। न तो कहीं ट्रैफिक मैनेजमेंट नजर आया और ना ही कहीं ट्रैफिक एजूकेशन जैसी कोई कवायद। भास्कर टीम ने सोमवार को चार घंटे तक शहर के चौराहों पर घूमकर देखा तो सड़कों पर ट्रैफिक हमेशा की तरह बेतरतीब व बेलगाम नजर आया।
न तो कोई राहगीरों को सड़क पार करने का तरीका बताने वाला था व ना ही गलत दिशा में दौड़ते वाहनों को रोकने वाला। सिर्फ वाहन लिफ्ट करने वाली क्रेनों पर अभियान के बैनर लगा कर इतिश्री कर दी गई।
आखलिया चौराहा
समय: दोपहर 1 से 1.30 बजे तक
नजारा: सर्किल के चारों ओर एक भी ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौजूद नहीं। यहां डिवाइडर पर स्थित ट्रैफिक घुमटी खाली। वाहन अपनी मर्जी से सर्किल से टर्न लेकर आ जा रहे थे। न्यू कोहिनूर की ओर सड़क पर अनेक वाहन पार्क किए हुए थे। इसी तरह सड़क के दूसरी ओर भी अनेक वाहन बेतरतीब ढंग से यहां वहां खड़ेे नजर आ रहे थे।
बॉम्बे मोटर चौराहा
समय: दोपहर 1.30 से 2 बजे तक
नजारा: यहां भी आखलिया चौराहा की तरह कोई भी ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौजूद नहीं था। यहां 12 वीं रोड चौराहा से आने वाले वाहन गलत दिशा में महेन्द्रा कॉम्पलैक्स की ओर बेधड़क आ रहे थे। इसी तरह न्यू कोहिनूर की ओर से दाईं ओर से ऑटो रिक्शा तथा दो पहिया वाहन सर्किल पार करने की बजाय डिवाइडर से मुड़ कर महेन्द्रा कॉम्पलैक्स की ओर जा रहे थे।
शनिश्चर जी का थान
समय: दोपहर 2 बजे से 2.30 बजे
नजारा: न तो ट्रैफिक घुमटी पर कोई पुलिसकर्मी था और ना ही उसके आस पास। उम्मेद अस्पताल व कोहिनूर की ओर से आने वाले वाहन गलत दिशा में गुलाब भवन की ओर मुड़ रहे थे जबकि जालोरीगेट की ओर से उम्मेद हॉस्पिटल की ओर जाने वाले वाहन घुमटी से मुड़ने की बजाय शॉर्ट कट मुड़ते हुए सही चलने वाले वाहनों के लिए परेशानी पैदा कर रहे थे।
जालोरीगेट सर्किल
समय: दोपहर 2.30 से 3 बजे
नजारा: पूरे जालोरीगेट सर्किल पर मात्र एक पुलिस कर्मी खड़ा था। गोलबिल्डिंग की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित नमकीन व चाय की दुकान के सामने बेतरतीब खड़े वाहनों के बीच खड़ा पुलिस कर्मी थोड़ी थोड़ी देर में सीटी बजा कर सड़क पार करने वाले वाहनों को इधर उधर होने का इशारा कर रहा था। अन्य छह मार्ग पर वाहन चालक अपनी मनमर्जी से रास्ता पार कर रहे थे।
सोजतीगेट, नई सड़क
समय: 3 से 4 बजे।
नजारा: यहां घुमटी पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी खड़ा था व वाहनों को दिशा निर्देश दे रहा था। दो अन्य पुलिस अधिकारी आगरा स्वीट होम तथा नेमीचंद पानवाला की दुकान के सामने खड़े ट्रैफिक पर नजर रखे हुए थे। यहां वाहन उठाने वाली क्रेन जिस पर सड़क सुरक्षा अभियान का बैनर लगा था, हैदर बिल्डिंग के सामने बीच सड़क पर खडी थी।
यहां सड़क पार कर रहे स्कूली छात्रों को ड्यूटी पर तैनात किसी भी पुलिस कर्मी ने नहीं बताया कि किस तरह जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार की जाती है। ट्रैफिक प्वाइंट नई सड़क से सोजतीगेट की ओर आने वाले सिकुड़े े मार्ग पर एक लाल रंग की कार पार्क की हुई थी। इसी तरह गणोश मंदिर के बायीं ओर को-ऑपरेटिव बैंक के आगे खड़े चार पहिया वाहन को भी पुलिस कर्मियों ने नजर अंदाज किया हुआ था।