|
उदयपुर. महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की पंचम शैक्षणोत्तर कर्मचारी कुलपति चल वैजयंती खेलकूद प्रतियोगिता 8 जनवरी से शुरू होगी। राजस्थान कृषि महाविद्यालय के खेल प्रांगण पर आयोजित प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की 12 टीमें भाग लेंगी।
एमपीयूएटी शैक्षणोत्तर कर्मचारी संघ अध्यक्ष करण सिंह शक्तावत एवं शैक्षणोत्तर कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष नरपत सिंह राजपुरोहित ने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 8 जनवरी को सुबह 8.30 बजे मुख्य अतिथि राजस्थान आजीविका मिशन के उपाध्यक्ष मीठालाल मेहता एवं विशिष्ट अतिथि प्रबंध निदेशक इंडियन फारेस्ट फैडरेशन के उपायुक्त पीएस मरवाहा, कोटक महेंद्रा बैंक के एरिया मैनेजर जितेंद्र राजपुरोहित की उपस्थिति में होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति डॉ. एसएल मेहता करेंगे। चल वैजयंती खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत फुटबाल, वॉलीबाल, बास्केटबॉल, कबड्डी, टेबल टेनिस, बेडमिंटन, रस्सा कस्सी एवं दौड़ प्रतियोगिता होंगी। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की वल्लभनगर, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, कोटा व झालावाड़ स्थित विवि की इकाइयों समेत विवि मुख्यालय की कुल 12 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिताओं में करीब 400 खिलाड़ी भाग लेंगे।
वालीबाल, टेबल टेनिस एवं बेडमिंटन की प्रतियोगिताएं दिन व रात्रि (डे एंड नाइट) में होगी। प्रतियोगिता का समापन 11 जनवरी को होगा। समापन अवसर पर अजाजजा आयोग उपाध्यक्ष चुन्नीलाल गरासिया मुख्य अतिथि एवं विधायक रणधीर सिंह भींडर विशिष्ट अतिथि होंगे। अध्यक्षता कुलपति डॉ. एसएल मेहता करेंगे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए 11 विभिन्न कमेटियां गठित की गई हैं।