|
News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati चूरू. एक माह पूर्व रतनगढ़ के गांव देवीपुरा के एक युवक की मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई से नाखुश सैनी समाज ने सोमवार को प्रदर्शन किया। सैनी समाज के लोगों ने पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए रैली निकाली तथा निष्पक्ष जांच की मांग की। समाज के लोगों ने बैठक कर पुलिस प्रशासन को 15 दिन में मामले का खुलासा करने का अल्टीमेटम दिया है।
जानकारी के मुताबिक सैनी समाज के लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर दोपहर इंद्रमणि पार्क से रैली निकाली। रैली स्टेशन रोड से होती हुई कलेक्ट्रेट जाकर सभा में बदल गई। सभा को शहर के पाषर्द डूंगरमल सैनी, औंकारमल सैनी व महावीर चौहान ने संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस राजनीतिक दवाब के चलते मामले को हादसा दिखाकर आरोपियों को बचाना चाहती है।
एडवोकेट उम्मेदराज सैनी ने सभा में पूरे मामले का जिक्र करते हुए कई तथ्य सामने रखे तथा बताया कि घटनाक्रम से ऐसा लगता है कि मंगतुराम की हत्या भी पूर्व प्लान के साथ की गई। एडवोकेट आशाराम सैनी ने कहा कि पूरे मामले में पुलिस की अब तक जांच से यही खुलासा होता है कि पुलिस आरोपियों को बचाने में जुटी हुई है।
इस अवसर पर साहित्यकार कांग्रेस के नेता शुभकरण पंवार, बैजनाथ पंवार, नरेंद्र सैनी, अशोक सैनी भी उपस्थित थे। बैठक का संचालन हरिप्रसाद सैनी ने किया। बाद में सैनी समाज का एक प्रतिनिधिमंडल एएसपी किशनसहाय से मिला तथा पूरे मामले की जानकारी देते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि आगामी 15 दिनों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया तो समाज के लोग धरना-प्रदर्शन करने से नहीं चूकेंगे।
क्या है मामला
30 नवंबर को देवीपुरा के मंगतुराम सैनी की एक खेत के कुएं लाश मिली। पुलिस ने सूचना के आधार पर इसे प्रथम दृष्ट्या हादसा मानते हुए मामला दर्ज कर लिया। समाज के लोगों ने शुरू से ही मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। समाज के लोगों का कहना है कि कुछ नामजद लोगों ने मंगतुराम को बुलाकर पहले पीटा तथा बाद में कुएं में डालकर लाव की रस्सी काट दी तथा मामले को हादसे का रूप देने का प्रयास किया।