|
News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati फतेहपुर. सदर थाना क्षेत्र में देवास बस स्टैंड पर पुलिस कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर पर फायर होने से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। आखिर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया। कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक समीर कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर को डीएसपी फतेहपुर लोकेश सोनवाल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फतेहपुर सदर थाना क्षेत्र में देवास बस स्टैंड पर वांछित आरोपी टीसी उर्फ त्रिलोकचंद शर्मा व सुरेदं्रसिंह रिवाल्वर लेकर लूट के इरादे से खड़े हैं।
सूचना मिलने पर डीएसपी के नेतृत्व में सदर थाना प्रभारी कमल प्रसाद, सबइंस्पेक्टर लालसिंह, एएसआई गोपाललाल, सिपाही बाबूलाल, महेंद्रसिंह, हाइवे गश्त के हवलदार रामकुमार व ड्राइवर चंद्रभानसिंह देवा बस स्टैंड पर पहुंचे।
पुलिस को देखकर वहां से दो व्यक्तियों ने बाइक पर बैठकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जीप को बाइक के आगे लगाकर आरोपियों रोक लिया। इंस्पेक्टर कमल प्रसाद जीप से उतरकर जैसे ही आरोपियों तरफ बढ़े। इतने में बाइक पर पीछे बैठे त्रिलोकचंद ने कमर से रिवाल्वर निकाल कर इंस्पेक्टर पर तान दिया। इस पर इंस्पेक्टर ने आरोपी को दबोच लिया।
ऐसे में आरोपी ने जान से मारने की नीयत से इंस्पेक्टर पर रिवाल्वर से फायर कर दिया। फायर होने से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई। आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई। आरोपी से रिवाल्वर छीनते समय इंस्पेक्टर के हाथ में चोट आई। पुलिसकर्मियों ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
उनके पास से रिवाल्वर, एक खाली कारतूस व दो जिंदा कारतूस बरामद कर लिए। पुलिस ने आरोपियों की बाइक भी बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक रतनगढ़ से चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में अन्य कई मामले खुलने की संभावना है।