Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

रेल के लिए होगा प्रांत स्तर पर आंदोलन

जगदलपुर. तत्कालीन भाजयुमो अध्यक्ष किरण देव द्वारा रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर शुरू किया गया आंदोलन थमा नहीं है। केंद्र द्वारा लगातार की जा रही उपेक्षा के चलते अब युवा मोर्चा ने इसका स्वरूप बदलने का निर्णय लिया है। स्थानीय पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं से सहयोग लेकर आंदोलन को प्रांत स्तर पर विस्तारित किया जा रहा है।

इसकी रूपरेखा लगभग तैयार हो चुकी है। उक्त बातें पत्रकारों से चर्चा के दौरान युमो राष्ट्रीय महामंत्री तथा मंडला विधायक शिवराज सिंह शाह और भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहीं।

पर्यटन मंडल अध्यक्ष संतोष बाफना के निवास पर पत्रकारों को संबोधित करते शाह ने बताया कि गोंड समाज के लोगों की तुलना जानवरों से किए जाने को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज करवाई है। भाजयुमो से अपील करते उन्होंने कहा कि इस शब्द को यदि विलोपित नहीं किया गया तो इस के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाए। इसे उन्होंने हिंदू समाज को नीचा दिखाने की संज्ञा दी।

राज्य की पहली सरकार पर उन्होंने वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते कहा कि इस दौरान धर्मातरण को काफी बढ़ावा दिया गया था। धमतरी से लेकर बस्तर तक युवा मोर्चा के लोग काफी अच्छा काम कर रहे हैं। इसके बावजूद देश भर में 50 लाख युवाओं को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य लेकर वे चले हैं। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा शेष नहीं है।

इसके चलते वे भ्रष्टाचार का मनगढ़ंत आरोप सत्ता में बैठे लोगों पर मढ़ रहे हैं।राज्य के मुखिया और उनके मंत्रिमंडल के लोगों की बेदाग छवि का जिक्र करते शाह ने कहा कि इसकी बदौलत आने वाला चुनाव भाजपा जीत रही है। इस दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री किरण देव, निगम सभापति योगेंद्र पांडे के अलावा संतोष त्रिपाठी, मनीष पारेख, राजेंद्र बाजपेयी, राकेश तिवारी आदि भी मौजूद थे।

जूड़ूम के लोग हमारे साथ

आने वाले विस चुनावों में सलवा जुड़ूम राहत शिविरों से वोटिंग होने पर इसका सीधा फायदा किसे होगा? इस सवाल पर राष्ट्रीय महामंत्री शाह ने कहा कि शिविर के लोग यह भलीभांति समझ रहे हैं कि उनके लिए कौन क्या कर रहा है। रमन सरकार ने उनके लिए हर मौके पर सुई से लेकर हवाई जहाज तक की व्यवस्था की है। ऐसे में शिविरों में रह रहे मतदाताओं का रुझान किसकी ओर होगा, यह आसानी से समझा जा सकता है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: