भोपाल. इसे मजबूरी कहें या आवश्यकता एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और सिनेमाघरों में लोग ऊंचे दामों पर खाने-पीने की चीजें खरीदने को मजबूर रहते हैं। कई सिनेमाघरों में बाहर से खाने-पीने की कोई भी चीज लाने की मनाही रहती है ऐसे में वहां मिलने वाले सामान को खरीदना लोगों की मजबूरी हो जाती है। खास बात यह है कि इस पर लगाम लगाने में फूड एंड ड्रग डिपार्टमेंट भी खुद को असहाय बताता है।
बात पैसों की नहीं, व्यवस्था की है
एयर अमन ट्रेवल के संचालक पंकज चतुर्वेदी कहते हैं कि एयरपोर्ट पर 10 रुपए कीमत वाली बिसलरी की बोतल 20 से 22 रुपए में, पांच रुपए का पॉपकार्न 10 रुपए में और दस रुपए की कोल्ड ड्रिंक 15 रुपए में दी जाती है। पंकज बताते हैं कि जब काउंटर पर सामान बेचने वाले लोगों से इसके बारे में पूछा जाता है तो वे कॉन्ट्रेक्ट का हवाला देते हुए ज्यादा दाम पर बेचना मजबूरी बताते हैं। पंकज कहते हैं कि बात पैसों की नहीं व्यवस्था की है, जो इन जगहों पर लागू नहीं हो पाती है जबकि यहां सबसे ज्यादा लोग इकट्ठा होते हैं।
लोगों को चुप नहीं रहना चाहिए
रचना नगर में रहने वाले विजय सक्सेना सपरिवार टॉकीज फिल्म देखने गए। इंटरवल में जब उन्होंने कोल्डड्रिंक ली तो दस रुपए की कोल्ड ड्रिंक उन्हें 15 रुपए में दी गई। इसकी वजह पूछने पर पहले तो काउंटर पर बैठे व्यक्ति ने कहा कि यहां इतने ही दाम पर मिलती है। मगर बाद में जब इसकी शिकायत करने की बात कही तो उसने दस रुपए के हिसाब से ही पैसे लिए। विजय बताते हैं, यह परेशानी आम है और लोगों को भी चाहिए वे ज्यादा दाम पर चीजें न खरीदें।
शिकायत नहीं की किसी ने
रेलवे स्टेशन पर खाने-पीने की चीजें कोई एमआरपी रेट से ज्यादा बेच रहा हो, ऐसी मुझे कोई जानकारी नहीं है और न ही इस तरह की कोई शिकायत मेरे पास आई है। यदि ऐसा है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
—अशोक कुमार अग्रवाल, डीआरएम, भोपाल
थर्ड पार्टी संचालित करती है
एयरपोर्ट पर कैंटीन हम नहीं चलाते हैं। इसका कॉन्ट्रेक्ट थर्ड पार्टी को दिया जाता है। वैसे हमारे यहां ज्यादा कीमत नहीं ली जाती है यदि ऐसी कोई सूचना आती है तो इस बारे में हम कमर्शियल डिपार्टमेंट से बातचीत करेंगे। वैसे यदि आप उनसे बातचीत कर लें तो ज्यादा बेहतर होगा साथ ही आपको सही जानकारी मिल जाएगी।
— जेपी एलेक्स, मैनेजर, राजा भोज विमानतल