HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

महंगा हो जाएगा अब दिल्ली जाना

जयपुर. जयपुर से दिल्ली तक कार से सफर और महंगा होने वाला है। निजी वाहन चालकों को अब चार जगह टोल टैक्स देना पड़ेगा। गुड़गांव-दिल्ली के बीच 6 लेन एक्सप्रेस-वे बनकर तैयार हो गया है। इसे इसी महीने यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इससे जयपुर से दिल्ली आधा घंटे जल्दी पहुंचा जा सकेगा। यही नहीं प्रदूषण और वाहनों की भीड़ वाली परेशानी भी नहीं रहेगी।

अभी गुड़गांव से दिल्ली जाने में करीब एक घंटा लग जाता है। इसके बाद केवल बीस मिनट में पहुंचा जा सकेगा। जयपुर से दिल्ली जाने वाले वाहन अभी डी-जोन बाईपास सहित तीन जगह टोल टैक्स चुका रहे हैं। गुड़गांव-दिल्ली के बीच इस 27.7 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे पर भी इसी माह से टोल टैक्स की वसूली शुरू हो जाएगी।

एक्सप्रेस-वे पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए पालम टर्मिनल, दिल्ली-गुड़गांव बार्डर और खेड़कीदौला के पास टोल बैरियर बनाए गए हैं, लेकिन टोल एक ही जगह लिया जाएगा। एक्सप्रेस-वे का निर्माण कर रही कंपनी डीएस कंस्ट्रक्शन के अनुसार टोल वसूली संबंधी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। फिलहाल टोल रेट होल इंडेक्स प्राइस (हिप) के आधार पर ही टोल टैक्स दरें तय की जाएंगी।

यहां देना होगा टोल टैक्स

डी-जोन बाईपास पर
मनोहरपुर
बिलासपुर (हरियाणा)
गुड़गांव, एक्सप्रेस-वे (नया)

नोट:
बनेठी (कोटपूतली-बिलासपुर के बीच) और दिल्ली में प्रवेश से पहले अभी दो टोल टैक्स बनने और प्रस्तावित हैं। इन पर अभी काम शुरू नहीं हुआ है।
जयपुर के साथ अन्याय :
सार्वजनिक निर्माण विभाग और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के इंजीनियरों के अनुसार एक्सप्रेस-वे के मामले में जयपुर के साथ अन्याय हुआ है। यहां भी मनोहरपुर पर एलीवेटेड एक्सप्रेस-वे बनाकर हल्के और मध्यम श्रेणी के वाहनों को टोल टैक्स से मुक्त करते हुए उन्हें वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जा सकता था, लेकिन मनोहरपुर और डी जोन बाईपास पर मजबूरन वाहनों को टोल टैक्स देना पड़ रहा है।

बचा भी जा सकता है अतिरिक्त टोल टैक्स से :
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग विभाग के क्षेत्रीय प्रमुख ए.के. सक्सेना के अनुसार गुड़गांव एक्सप्रेस-वे को एलीवेटेड रोड के रूप में तैयार किया गया है। इससे निजी वाहनों को अतिरिक्त टोल टैक्स चुकाने का विकल्प मिलेगा। जो वाहन अतिरिक्त टोल टैक्स नहीं चुकाना चाहेंगे वे सामान्य मार्ग से दिल्ली जा सकेंगे।

ऐसे होगा किराए से ज्यादा टोल टैक्स

कार से जाने पर अभी दो जगह 35-35 रु. और एक जगह 60 रु. टोल टैक्स देना पड़ता है। यदि जयपुर में डी-जोन बाईपास से दिल्ली जाया जाए तो 60 रु. टोल टैक्स और चुकाना पड़ता है। इस तरह 190 रु. टोल टैक्स चुकाना पड़ता है।

इतना टोल टैक्स देने के बाद अगर गुड़गांव से नया एक्सप्रेस-वे पकड़ते हैं तो 60 रु. और देने पड़ेंगे। कुल टोल टैक्स हो गया 250 रु. । रोडवेज की डीलक्स बस का किराया 270 रु., एसी बस का 370 और वोल्वो का किराया 460 रु. है। एक्सप्रेस-वे के बाद इस किराए में 2 से 4 रु. तक की बढ़ोतरी हो सकती है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: