इंदौर.
समय- मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2.30 बजेस्थान- एलआईजी तिराहे से एमआईजी थाने वाला मार्ग
सड़क पर सन्नाटा पसरा है। साथ लगे एबी रोड पर जरूर कुछ हलचल है। तिराहे की पुलिस चौकी पर तीन पुलिसकर्मी बैठे हैं। तभी राजा शर्मा, दिनेश गुप्ता और साथी भी गुजरते हैं। उसी समय थाने की ओर से तेज गति से आई कार (एमएच-01 एमए 3130) रोटरी से टकराई, जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई।
पता चला चालक ने विजयनगर जाने के लिए तेज गति में ही जोरदार ब्रेक लगाया जिससे संतुलन बिगड़ा और कार रोटरी में जा घुसी। इस बीच एबी रोड से गुजरते वाहनों ने भी जोरदार ब्रेक लगाए। इस शोर से चौकी पर बैठे पुलिसकर्मी, पास रहने वाला व्यक्ति और राहगीर कार की ओर दौड़े। तब तक उसके अगले में हिस्से में आग लग गई।
पास जाकर देखा ड्राइविंग सीट पर महिला बैठी है। कई आवाज देने के बाद भी कुछ नहीं बोली तो पुलिसकर्मी ने दरवाजा खोला। पाया वह बेहोश हो चुकी है। जैसे-तैसे बाहर निकालकर सामने लाइफलाइन अस्पताल ले गए। पुलिसकर्मियों ने कार में दिख रहे कागजात व सामान भी निकाल लिया। आग भड़की तो फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ देर में गश्त कर रही सीएसपी इरमिन शाह व दमकलकर्मी भी पहुंचे लेकिन आग बुझ चुकी थी।
पुलिसकर्मियों को कार से मिले कागजात में डेंटिस्ट की पर्ची भी थी जिस पर चेतना पति अशोक पाटीदार लिखा था लेकिन घर का पता नहीं। डॉक्टर का मोबाइल लगाने की कोशिश की, जो नहीं लगा। तब लेटरहेड पर लिखे पते पर विजयनगर पहुंचे। डॉक्टर से जानकारी लेकर घायल के घर पहुंचे। सुबह चेतना को बॉम्बे अस्पताल रैफर कर दिया गया, जहां वह खतरे से बाहर है। पति अशोक ने इतना ही बताया कि उसे कार चलाते समय म्युजिक सुनने का शौक है इसलिए..।
कार मालिक मुंबई का
फायर ब्रिगेड के मुताबिक कार तेहरा आबिद पत्थरवाला निवासी सांताक्रुज, मुंबई की है। टक्कर के बाद हुए शार्ट सर्किट से आग लगी।