HomeNewsMetrosIndore Indore

जस का तस रहेगा बीआरटीएस

इंदौर.i नया मास्टर प्लान लागू होने के बाद भी 868 करोड़ के बीआरटीएस कॉरिडोर की योजना में कोई बदलाव नहीं होगा। शहर के सबसे महत्वपूर्ण हिस्से एलआईजी तिराहे से नौलखा चौराहे के बीच यह कॉरिडोर 32 मीटर का ही रहेगा। इसके बाकी हिस्से 60 मीटर के होंगे। कॉरिडोर 11.68 किलोमीटर लंबा है।

नए साल के पहले दिन लागू हुए प्लान में एबी रोड के एलआईजी से नौलखा वाले हिस्से को 60 मीटर चौड़ा कर दिया गया है। इसी के बाद इस क्षेत्र से गुजरने वाले बीआरटीएस कॉरिडोर को लेकर अटकलबाजी का दौर शुरू हो गया। आशंका यह जताई गई की चूंकि इस क्षेत्र में अब सड़क की चौड़ाई 60 मीटर कर दी गई है इसलिए कॉरिडोर भी इतना ही चौड़ा होगा।

इतनी चौड़ाई का कॉरिडोर बनाने से अभी सड़क के दोनों ओर जो पक्के निर्माण का स्वरूप है उसमें काफी तोड़फोड़ होगी। यही नहीं इस क्षेत्र में कॉरिडोर 32 के बजाय 60 मीटर का करने पर करीब 30 करोड़ का अतिरिक्त भार प्रोजेक्ट पर आएगा।

कलेक्टर तथा आईसीटीएल के कार्यकारी संचालक विवेक अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि बीआरटीएस कॉरिडोर का नौलखा से एलआईजी तिराहे वाला हिस्सा 32 मीटर का ही रहेगा। उन्होंने कहा कि जेएनयूआरएम से जो प्रोजेक्ट मंजूर हुआ है उसी के मुताबिक कॉरिडोर बनेगा। मास्टर प्लान में हुए बदलाव से यह कॉरिडोर अप्रभावित रहेगा।

इन पर असर पड़ेगा नए प्लान का
नौलखा से एलआईजी के बीच सड़क 60 मीटर चौड़ी रखने का असर सड़क के दोनों ओर होने वाले नवनिर्माण पर पड़ेगा। टाउन तथा कंट्री प्लानिंग यहां जो भी साइट प्लान मंजूर करेगा वह 60 मीटर चौड़ाई के मान से ही मंजूर किए जाएंगे। नगर निगम द्वारा बिल्डिंग परमीशन भी इसी आधार पर जारी होगी।

पूराने निर्माण यथावत रहेंगे
करीब चार किलोमीटर लंबे इस हिस्से के पुराने निर्माण 60 मीटर सड़क की नई व्यवस्था से अप्रभावित रहेंगे। महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा ने स्पष्ट किया है कि जो भी निर्माण मास्टर प्लान लागू होने के बाद होंगे उन्हें 60 मीटर चौड़ी सड़क के मान से ही अनुमोदित किया जाएगा।

प्राधिकरण ने नकारा
इंदौर विकास प्राधिकरण ने नौलखा से एलआईजी तिराहे के बीच कॉरिडोर को 32 के बजाय 60 मीटर चौड़ा बनाने से असहमति जता दी है। उनका कहना है कि हमारी सारी प्लानिंग 32 मीटर के मान से है। 28 मीटर ज्यादा चौड़ी सड़क बनाने से प्रोजेक्ट की लागत तो बढ़ेगी ही आसपास की जमीन या मकानों के अधिग्रहण पर भी काफी पैसा खर्च करना होगा।

शहरी नवीनीकरण मिशन द्वारा मंजूर मूल योजना में कोई बदलाव संभव ही नहीं
केवल नए भवनों के निर्माण पर ही पड़ेगा असर
नगर निगम अब 60 फीट चौड़ी सड़क के मान से ही पास करेगा नक्शे
टाउन कंट्री प्लानिंग से इसी मुताबिक मंजूर होंगे साइट प्लान





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: