News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. चोरों ने बैंक की तिजोरी को भी नुकसान पहुंचाया है। मार्निग वाक पर निकले लोगों से बैंक से धुंआ निकलने की सूचना मिलने पर सुबह से ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सुबह लगभग 5:30 बजे कोटा पुलिस को सूचना मिली कि पंजाब नेशनल बैंक के अंदर से धुंआ निकल रहा है। बैंक में आग लगने के अंदेशे पर इसकी सूचना तुरंत बैंक अधिकारियों और फायर ब्रिगेड को दी गई।
कुछ देर में दमकल घटनास्थल पर पहुंची। जब पुलिसकर्मियों और बैंक अफसरों ने अंदर की स्थिति देखी, तो उनके होश उड़ गए। बैंक की छत का किनारे का हिस्सा टूटा हुआ था। इससे चोरी का अंदेशा हुआ और तुरंत सेफ की जांच की गई। सेफ को बंद देखकर अधिकारियों की जान में जान आई। बैंक के अंदर अलमारियों में रखे कागजात धू-धूकर जल रहे थे। दमकल की मदद से इस आग को बुझाया गया।
घटना की सूचना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मिलते ही एसपी प्रदीप गुप्ता, एडिशनल एसपी सिटी बद्रीनारायण मीणा, एडिशनल एसपी ग्रामीण धर्मेद गर्ग घटनास्थल के लिए रवाना हुए। निरीक्षण करने पर पता चला कि बैंक में कुछ समय पहले तक ऊपर छत पर जाने के लिए एक सीढ़ी थी। इस सीढ़ी को प्लास्टर कर बंद करवा दिया गया था। इसके बाद यहां पर ग्रिल भी लगाई गई थी।
चोर इस प्लास्टर को तोड़कर ग्रिल को तोड़ने के बाद बैंक के अंदर दाखिल हुए।सीढ़ी में लगा हुआ ताला भी उन्होंने तोड़ा। अंदर दाखिल होने के बाद वे सेफ के पास पहुंचे। उन्होंने सेफ को तोड़ने की भरसक कोशिश की। इस प्रयास में सेफ का हैंडिल भी टूट गया, लेकिन सेफ नहां खुला। इसके बाद झुंझलाहट में उन्होंने आसपास रखे कागजात को आग लगा दी और वहां से निकल गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 457, 436 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
गर्म रहा अफवाहों का बाजार
घटना के बाद कोटा के साथ शहर में भी अफवाहों का बाजार गर्म रहा। कई लोग बैंक में लाखों रुपए की डकैती होने की बात कह रहे थे, कई क्षेत्रों मं पूरे बैंक में आग लगाए जाने की चर्चा थी। कुछ लोगों ने तो बैंक में डकैती पड़ने और गार्ड की हत्या तक की बात कह डाली।
नहीं बजा अलार्म
चोर सेंध मारकर बैंक के अंदर दाखिल हो गए। सेफ को तोड़ने के लिए काफी कोशिश भी की। न खुलने पर दस्तावेजों में आग भी लगा दी, लेकिन सुरक्षा के लिए बैंक में लगाया गया अलार्म इसके बाद भी नहीं बजा। हद तो तब हो गई जब मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने बैंक कर्मियांे से इस अलार्म को बजाकर दिखाने के लिए कहा तो उन्होंने इसे बजाने के तरीके से अनभिज्ञता जाहिर की। बाद में जांच करने पर पता चला कि अलार्म खराब था। इससे बैंक प्रबंधन की लापरवाही भी उजागर हुई है।
कर्मचारियां पर संदेह
रुपयों के लिए चोरी के प्रयास के साथ पुलिस इसमें कर्मचारियों के हाथ होने की दिशा में भी जांच कर रही है। माना जा रहा है कि किसी घोटाले या गड़बड़ी को दबाने के लिए साजिश के तहत बैंक के दस्तावेज जला दिए गए हों और इसे चोरी का प्रयास दिखाने की कोशिश की गई हो। वहीं बैंक प्रबंधन का कहना है कि दस्तावेज खाक हो जाने के बाद भी उनके पास कंप्यूटर में डाटा सुरक्षित है।