अजमेर. ‘क्या पुलिस के बिना सरकार या शहर का काम चल सकता है?’ यह सवाल था बुधवार को पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत का, जयपुर में उनके सामने थे शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी। अजमेर में हुए लाठीचार्ज, बंद और उससे जुड़े घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए शेखावत ने कहा-जो हो रहा है, कतई उचित नहीं है। इससे भाजपा को ही नुकसान होगा।
देवनानी पुत्री के विवाह का न्यौता देने जयपुर में शेखावत के घर गए थे। उन्हें देखते ही शेखावत का पहला सवाल था, भाजपा का क्यों सत्यानाश कर रहे हो? उनका कहना था, छोटा-सा मामला था, मिल बैठकर निपटाना चाहिए था।
इस दौरान पूर्व राष्ट्रपति के घर राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व डीजीपी डॉ. ज्ञानप्रकाश पिलानिया, दरगाह कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष अब्दुल बारी, भाजपा पार्षद सत्यनारायण गर्ग सहित कई लोग मौजूद थे।