अजमेर.
गलत को गलत कहने का माद्दा है मुझमें। कानून के दायरे में रहकर पुलिस अपना फर्ज निभाएगी। गैर जरूरी सियासी दखलंदाजी बर्दाश्त नहीं होगी। जनता और जनप्रतिनिधियों से कानून व्यवस्था कायम करने में मदद ली जाएगी। नए एसपी आनंद श्रीवास्तव ने बुधवार को कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से कहा कि पुलिस का मनोबल पूरी तरह मजबूत है।
कलेक्ट्रेट में हुए लाठी-भाटा जंग के बाद एपीओ एस सेंगाथिर की जगह नियुक्त एसपी श्रीवास्तव ने पुलिस के कामकाज में सियासी दखलंदाजी के सवाल पर कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता और जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम है। पुलिस और प्रशासन के काम में इनका दखल आवश्यक है, लेकिन गलत को गलत कहने का माद्दा होना चाहिए और यह मुझ में है।
जनप्रतिनिधियों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी मदद ली जाएगी, लेकिन गैरकानूनी कामों में उनके सहयोगी नहीं बनेंगे। श्रीवास्तव ने कहा, पूरी लगन से दायित्वों का निर्वहन किया जाएगा। इसके लिए जनता और जनप्रतिनिधियों के सहयोग की जरूरत है।
सर्वश्रेष्ठ एसपी
एसपी श्रीवास्तव राज्य के सर्वश्रेष्ठ एसपी हैं। सरकार की ओर से लगातार दो साल से भरतपुर में कानून व्यवस्था और श्रेष्ठ कार्य के लिए श्रीवास्तव को इस सम्मान से नवाजा गया है। पुरस्कार 2006 से शुरु किया गया था। दोनों साल सम्मान भरतपुर पुलिस अधीक्षक के खाते में गया।
..जरूरत पर गोली भी जायज
कलेक्ट्रेट में उग्र प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज के मामले में एसपी श्रीवास्तव का कहना है कि कानून और शांति व्यवस्था के लिए जरूरत पड़ने पर लाठी तो क्या गोली भी चलाई जा सकती है। पुलिस जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए है।
ऐसा गुस्सा नहीं देखा
अफसरों को हटाए जाने से पुलिसकर्मियों में असंतोष के बारे में उन्होंने कहा कि अपने जीवन में पुलिसकर्मियों में ऐसी नाराजगी नहीं देखी। इसे बगावत नहीं कुंठा और व्यवस्था के प्रति असंतोष कहा जाना चाहिए। अफसरों की समझाइश से जवानों का भ्रम दूर हो गया। जवान मजबूत मनोबल से ड्यूटी पर हैं। ऐसी स्थिति फिर कभी नहीं होगी।
स्पेशल टीम होगी मजबूत
उन्होंने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ और अनसुलझे मामलों में इन्वेस्टीगेशन के लिए पुलिस की स्पेशल टीम में योग्य, तेज तर्रार अफसर और जवानों को लगाया जाएगा। थानों में रूटीन वर्क के कारण इन्वेस्टीगेशन नहीं हो पाता।
पत्रकारिता से भी नाता
श्रीवास्तव ने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में डिप्लोमा भी हासिल किया है। टाइम्स ऑफ इंडिया और नवभारत टाइम्स से भी जुड़े रहे।
अफसरों से मिले
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कलेक्टर नवीन महाजन और अन्य प्रशासनिक अफसरों से गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के बारे में विचार-विमर्श किया।
डीएसपी चौधरी ने कार्यभार संभाला
डीएसपी शिल्पा चौधरी के ट्रांसफर के बाद सुलेश चौधरी ने भी बुधवार को सीओ नार्थ का कार्यभार संभाला।